देश प्रहरी !! अंबिकापुर के बिशुनपुर रोड स्थित बाल संप्रेक्षण गृह से मंगलवार शाम 11 अपचारी बालक फरार हो गए। तेज बारिश और गरज-चमक का फायदा उठाते हुए बालकों ने कमरे की खिड़की उखाड़ दी और पीछे की दीवार फांदकर भाग निकले। घटना के बाद संप्रेक्षण गृह प्रबंधन और पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, रात करीब साढ़े सात बजे भोजन के बाद बच्चे अपने-अपने कमरों में थे। इसी दौरान कुछ अपचारी बालकों ने खिड़की उखाड़ दी। बारिश और तेज गरज के कारण सुरक्षाकर्मियों को इसकी भनक तक नहीं लगी। इसके बाद सभी 11 बालक परिसर की पिछली दीवार पार कर फरार हो गए।

Highlight
🔴 अंबिकापुर बाल संप्रेक्षण गृह से 11 अपचारी बालक फरार
🔴 तेज बारिश का फायदा उठाकर बाल गृह से भागे 11 अपचारी
🔴 सुरक्षा में बड़ी चूक, खिड़की उखाड़कर फरार हुए 11 बालक
🔴 हत्या-दुष्कर्म के मामलों में बंद अपचारी बालकों की तलाश जारी
🔴 दीवार फांदकर भागे अपचारी, बाल संप्रेक्षण गृह की सुरक्षा पर सवाल
फरार अपचारी बालक सरगुजा, सूरजपुर और कोरिया जिले के बताए जा रहे हैं। इनमें हत्या, चोरी और दुष्कर्म जैसे गंभीर मामलों में संलिप्त किशोर भी शामिल हैं। सभी की उम्र 14 से 17 वर्ष के बीच है।
घटना की सूचना मिलते ही गांधीनगर थाना पुलिस और संप्रेक्षण गृह के कर्मचारी तलाश में जुट गए। बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और शहर से बाहर जाने वाले मार्गों पर निगरानी बढ़ा दी गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
प्रबंधन ने आशंका जताई है कि इस घटना के पीछे अंबिकापुर का एक आदतन अपचारी बालक हो सकता है, जो पहले भी कई बार संप्रेक्षण गृह आ चुका है और उस पर शहर के विभिन्न थानों में कई मामले दर्ज हैं।
इस घटना के बाद एक बार फिर बाल संप्रेक्षण गृह की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। पहले भी यहां से अपचारी बालकों के फरार होने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। फिलहाल प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और जल्द सभी फरार बालकों के पकड़े जाने की उम्मीद जताई है।
