रायगढ़, 26 जून। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में संचालित सेवा सेतु पोर्टल ग्रामीणों के लिए सरकारी सेवाओं तक आसान पहुंच का प्रभावी माध्यम बनता जा रहा है। रायगढ़ विकासखंड के ग्राम सांगीतराई निवासी दुर्गा सिदार को इसी पोर्टल के जरिए घर बैठे विवाह पंजीकरण और विवाह प्रमाण पत्र की सुविधा मिली।

Highlight
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल से सेवा सेतु बना ग्रामीणों का सहारा
🔴रायगढ़ के दुर्गा सिदार को घर बैठे मिला विवाह प्रमाण पत्र
🔴ऑनलाइन आवेदन के कुछ ही दिनों में जारी हुआ प्रमाण पत्र
🔴एक ही पोर्टल पर मिल रही कई महत्वपूर्ण सरकारी सेवाएं
🔴सेवा सेतु से बढ़ी पारदर्शिता, बच रहा समय और खर्च
दुर्गा सिदार ने बताया कि विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए विवाह प्रमाण पत्र की आवश्यकता थी। पहले ऐसे दस्तावेज बनवाने के लिए सरकारी दफ्तरों के कई चक्कर लगाने पड़ते थे, जिससे समय और पैसे दोनों की बर्बादी होती थी। लेकिन सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से उन्होंने ऑनलाइन आवेदन किया और कुछ ही दिनों में बिना किसी परेशानी के विवाह प्रमाण पत्र प्राप्त कर लिया।
उन्होंने बताया कि सेवा सेतु पोर्टल पर केवल विवाह प्रमाण पत्र ही नहीं, बल्कि आय, जाति, निवास, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, भू-अभिलेख, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, श्रम, राजस्व और नगरीय प्रशासन सहित कई विभागों की सेवाएं एक ही मंच पर उपलब्ध हैं।
दुर्गा सिदार का कहना है कि इस डिजिटल पहल से ग्रामीणों को सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं। समय की बचत हो रही है, प्रक्रिया अधिक पारदर्शी बनी है और लोगों का शासन पर भरोसा भी मजबूत हुआ है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और शासन-प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए सेवा सेतु को ग्रामीणों के लिए बेहद उपयोगी पहल बताया।
