जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ राज्य अशासकीय विद्यालय संचालक संघ और निजी स्कूलों के शिक्षकों ने पाठ्य पुस्तक निगम की कार्यप्रणाली के विरोध में जांजगीर में धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि हर साल समय पर पाठ्य पुस्तकें उपलब्ध नहीं होने से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

Highlight
🔴समय पर किताबें नहीं मिलने से निजी स्कूल संचालकों का प्रदर्शन
🔴21 जुलाई से पुस्तक वितरण के फैसले का किया विरोध
🔴छात्रों की पढ़ाई प्रभावित होने का लगाया आरोप
🔴सरकारी स्कूलों की तरह समय पर किताबें देने की मांग
🔴मांग पूरी नहीं हुई तो रायपुर में आंदोलन की चेतावनी
संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि इस वर्ष निजी स्कूलों को 21 जुलाई से किताबें उपलब्ध कराने की जानकारी दी गई है, जबकि तब तक शैक्षणिक सत्र काफी आगे बढ़ चुका होगा। ऐसे में छात्रों को पढ़ाई में परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
निजी स्कूल संचालकों ने मांग की कि सरकारी स्कूलों की तरह निजी विद्यालयों के विद्यार्थियों को भी संकुल स्तर पर समय पर पाठ्य पुस्तकें उपलब्ध कराई जाएं। उनका कहना है कि इस संबंध में पिछले वर्ष भी ज्ञापन सौंपा गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला।
संघ ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द मांग पूरी नहीं हुई तो रायपुर में राज्य स्तरीय आंदोलन किया जाएगा।
वहीं, जिला शिक्षा अधिकारी अशोक सिन्हा ने कहा कि निजी स्कूल संचालकों की मांग से उच्च अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है और आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रस्ताव भेजा गया है।
