जशपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जशपुर जिले में आधारभूत अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए विकास कार्य तेज़ी से किए जा रहे हैं। इसी क्रम में दुलदुला और बंदरचुवा में आधुनिक बस स्टैंड का निर्माण तेजी से जारी है। गुरुवार को कलेक्टर रोहित व्यास ने दोनों निर्माणाधीन बस स्टैंडों का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और निर्माण एजेंसी को तय समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

🔴 Highlight Lines
🔴 दुलदुला और बंदरचुवा में बन रहे आधुनिक बस स्टैंड
🔴 यात्रियों को मिलेंगी प्रतीक्षालय, शौचालय और बेहतर सुविधाएं
🔴 दोनों बस स्टैंड लगभग एक-एक करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहे
🔴 कलेक्टर ने गुणवत्ता के साथ समय पर निर्माण पूरा करने के दिए निर्देश
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने बस स्टैंड परिसर में बन रही दुकानों, प्रतीक्षालय, शौचालय और अन्य यात्री सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुरूप किए जाएं ताकि आम नागरिकों को लंबे समय तक बेहतर सुविधाओं का लाभ मिल सके।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि बस स्टैंड में यात्रियों के लिए पर्याप्त बैठक व्यवस्था, स्वच्छ शौचालय, सुरक्षित परिसर और सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि बस स्टैंड केवल वाहनों के ठहराव का स्थान नहीं, बल्कि यात्रियों के लिए सुविधाजनक और आधुनिक सार्वजनिक परिसर के रूप में विकसित किया जाए।
लगभग एक-एक करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इन बस स्टैंडों के तैयार होने के बाद जशपुर, कुनकुरी, पत्थलगांव सहित इस मार्ग से यात्रा करने वाले हजारों लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही स्थानीय व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
