Highlight Lines
🔴 रायपुर, दुर्ग और राजिम में रिकॉर्डतोड़ बारिश
🔴 किसानों को मिली बड़ी राहत, धान की बोनी तेज
🔴 अगले 48 घंटे भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट
🔴 कई इलाकों में सड़क संपर्क टूटा, रपटों पर बह रहा पानी
रायपुर। छत्तीसगढ़ में भारी बारिश ने रविवार को जनजीवन प्रभावित कर दिया। बंगाल की खाड़ी में बने अवदाब और सक्रिय मानसूनी द्रोणिका के प्रभाव से प्रदेश के कई जिलों में भारी से बहुत भारी वर्षा दर्ज की गई। राजधानी रायपुर में 154.4 मिलीमीटर, दुर्ग में 181 मिलीमीटर और राजिम में 185.8 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई, जिससे कई पुराने रिकॉर्ड टूट गए। राजधानी में रातभर बारिश होती रही और रविवार सुबह भी रिमझिम बारिश का सिलसिला जारी रहा।

छत्तीसगढ़ में भारी बारिश से किसानों को बड़ी राहत मिली है। खेतों में पर्याप्त पानी भरने से धान की बोनी और कृषि कार्यों में तेजी आई है। हालांकि प्रदेश के कुछ हिस्सों में अब भी सामान्य से कम वर्षा दर्ज की गई है।
मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के लिए मध्य और उत्तरी छत्तीसगढ़ में भारी बारिश, गरज-चमक और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। लोगों को नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी गई है। विभाग का अनुमान है कि 8 जुलाई के बाद बारिश की तीव्रता में कुछ कमी आ सकती है।
कई जिलों में संपर्क प्रभावित
लगातार हो रही छत्तीसगढ़ में भारी बारिश के कारण कई अंदरूनी इलाकों का संपर्क टूट गया है। कई रपटों और पुलों के ऊपर से पानी बह रहा है, जबकि कुछ राष्ट्रीय और राज्य मार्गों पर भी जलभराव की स्थिति बनी हुई है।
इन जिलों में हुई रिकॉर्ड बारिश
रायपुर में 154.4 मिमी, रायपुर सिटी में 153.1 मिमी, माना एयरपोर्ट में 138.3 मिमी, गोबरानवापारा में 143.7 मिमी, दुर्ग में 181 मिमी, पाटन में 144.8 मिमी, भिलाई में 115.5 मिमी, राजिम में 185.8 मिमी, राजनांदगांव में 146 मिमी और छुरा में 158.3 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं बालोद, महासमुंद और धमतरी जिलों में भी झमाझम बारिश रिकॉर्ड की गई।
