Highlight Lines
🔴 कुलगाम में आतंकियों ने ईंट भट्ठे पर काम कर रहे मजदूरों को बनाया निशाना
🔴 जांजगीर-चांपा और बलौदाबाजार के दो श्रमिकों की मौत
🔴 सेना और पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर शुरू किया सर्च ऑपरेशन
🔴 मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घटना पर गहरा दुख जताया
जम्मू-कश्मीर।
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में शुक्रवार शाम हुए आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के दो मजदूरों की मौत हो गई। आतंकियों ने केलम इलाके में ईंट भट्ठे पर काम कर रहे श्रमिकों को निशाना बनाया। हमले में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल दूसरे मजदूर ने इलाज के दौरान अनंतनाग मेडिकल कॉलेज में दम तोड़ दिया।

छत्तीसगढ़ के रहने वाले थे दोनों मजदूर
हमले में जान गंवाने वाले श्रमिकों की पहचान दीपक कुमार रात्रे और भूपेंद्र कुमार के रूप में हुई है। दीपक कुमार रात्रे जांजगीर-चांपा जिले के बुंदेली गांव के निवासी थे, जबकि भूपेंद्र कुमार बलौदाबाजार जिले के रहने वाले बताए गए हैं। दोनों रोजगार के सिलसिले में कुलगाम के केलम क्षेत्र स्थित ईंट भट्ठे पर काम करने गए थे।
सुरक्षा बलों ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी। आतंकियों की तलाश के लिए व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियां हमले के पीछे शामिल आतंकियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हैं।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जताया शोक
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस आतंकी हमले को अत्यंत पीड़ादायक बताया। उन्होंने दोनों मृतक श्रमिकों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है और हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
