सारंगढ़-बिलाईगढ़ कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने स्कूल, आश्रम-छात्रावास और विकास कार्यों का किया निरीक्षण; जर्जर भवनों के लिए एस्टीमेट बनाने के निर्देश

सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले में शिक्षा व्यवस्था और ग्रामीण विकास कार्यों की जमीनी हकीकत जानने के लिए कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने बिलाईगढ़ विकासखंड के अंदरूनी और ग्रामीण क्षेत्रों का सघन दौरा किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्कूलों में पहुंचकर बच्चों से सीधे संवाद किया और उनकी शैक्षणिक गुणवत्ता को परखा। कहीं बच्चों से अंग्रेजी का पाठ पढ़वाया तो कहीं पहाड़े पूछकर पढ़ाई का स्तर जांचा।
कलेक्टर ने दौरे के दौरान शैक्षणिक संस्थानों, आश्रम-छात्रावासों, निर्माणाधीन कार्यों और ग्रामीण विकास योजनाओं के तहत चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को शिक्षा और विकास कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
पिरदा हाई स्कूल में बच्चों की पढ़ाई परखी
कलेक्टर ने ग्राम पिरदा स्थित शासकीय हाई स्कूल का निरीक्षण किया। यहां कक्षा 10वीं में 9 विद्यार्थी उपस्थित मिले। उन्होंने विद्यार्थियों से बातचीत कर उनकी पढ़ाई और शैक्षणिक स्तर की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान स्कूल भवन के साथ परिसर में मौजूद जर्जर भवनों का भी जायजा लिया गया। एक ही परिसर में संचालित प्राथमिक, माध्यमिक और हाई स्कूल के जर्जर भवनों को देखते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को डिस्मेंटलिंग और नए भवन निर्माण के लिए आवश्यक एस्टीमेट तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
इस दौरान ग्राम पिरदा को धरती आबा जनजातीय ग्राम में शामिल किए जाने की जानकारी भी दी गई।
स्मार्ट क्लास रूम के निर्माण में गुणवत्ता पर जोर
कलेक्टर ने स्कूल परिसर में निर्माणाधीन स्मार्ट क्लास रूम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति और उपयोग की जा रही सामग्री की जानकारी ली।
उन्होंने ठेकेदार को निर्धारित मापदंडों के अनुसार गुणवत्तापूर्ण सामग्री का उपयोग करते हुए निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि शैक्षणिक संस्थानों से जुड़े निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए।
आदिवासी कन्या आश्रम का भी किया निरीक्षण
इसके बाद कलेक्टर ने शासकीय आदिवासी कन्या आश्रम पिरदा का निरीक्षण किया। यहां 34 छात्राएं निवासरत मिलीं। उन्होंने आश्रम भवन, रसोईघर और निर्माणाधीन शौचालय भवन का जायजा लिया।
कलेक्टर ने छात्राओं से सीधे बातचीत कर उन्हें मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली और उनकी आवश्यकताओं व समस्याओं के बारे में भी पूछा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को छात्रावास में रहने वाली छात्राओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
ग्रामीण विकास कार्यों में गुणवत्ता पर विशेष जोर
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने अधिकारियों को शिक्षा, स्कूल और छात्रावास अधोसंरचना, निर्माण कार्यों तथा जल संरक्षण से जुड़े कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित योजनाओं और विकास कार्यों का वास्तविक लाभ ग्रामीणों तक पहुंचना चाहिए। इसके लिए योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग और जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन जरूरी है।
कलेक्टर के इस दौरे का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति की जानकारी लेना तथा आवश्यक सुधार के लिए मौके पर ही अधिकारियों को दिशा-निर्देश देना रहा।
