बिलासपुर, मुंगेली और जीपीएम के वरिष्ठ नागरिकों का जत्था रवाना; 24 सितंबर को बिलासपुर लौटेगी विशेष ट्रेन

बिलासपुर, 21 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत बिलासपुर, मुंगेली और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले के 800 वरिष्ठ नागरिकों का जत्था मथुरा-वृंदावन और श्रीकृष्ण जन्मभूमि की तीर्थयात्रा के लिए रवाना हुआ। बिलासपुर रेलवे स्टेशन से विशेष ट्रेन को पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ विधायक पुन्नूलाल मोहले ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
मथुरा-वृंदावन और श्रीकृष्ण जन्मभूमि के होंगे दर्शन
तीर्थयात्री मथुरा, वृंदावन और श्रीकृष्ण जन्मभूमि के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन करेंगे। यात्रा पूरी होने के बाद विशेष ट्रेन के 24 सितंबर को बिलासपुर वापस लौटने की जानकारी दी गई है।
तिलक और माला पहनाकर किया गया स्वागत
रवाना होने से पहले रेलवे स्टेशन पर वरिष्ठ यात्रियों का तिलक लगाकर, पुष्पमाला और कंठीमाला पहनाकर स्वागत किया गया। गाजे-बाजे के साथ यात्रियों को विदाई दी गई। यात्रा को लेकर वरिष्ठ नागरिकों में खासा उत्साह देखने को मिला।
कई यात्रियों ने राज्य सरकार के प्रति आभार जताते हुए कहा कि आर्थिक कारणों से लंबे समय से मथुरा-वृंदावन जाने की इच्छा पूरी नहीं हो पा रही थी। अब मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के माध्यम से उन्हें यह अवसर मिला है।
यात्रियों के साथ चिकित्सा अधिकारी भी रवाना
तीर्थयात्रियों की देखरेख के लिए चिकित्सा अधिकारी और लाईजनिंग अधिकारी भी विशेष ट्रेन के साथ रवाना हुए हैं। यात्रा के दौरान वरिष्ठ नागरिकों की सुविधाओं और स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों का ध्यान रखने की व्यवस्था की गई है।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, मुंगेली जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय, महापौर पूजा विधानी सहित जनप्रतिनिधि और संबंधित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
