मुर्गे के आकार को लेकर शुरू हुआ विवाद
🔴 हरेली त्योहार पर मुर्गा पकाने को लेकर दो भाइयों के बीच विवाद
🔴 बड़े भाई ने गुस्से में छोटे भाई पर चाकू से किया ताबड़तोड़ हमला
🔴 गंभीर हालत में घायल को बिलासपुर के सिम्स अस्पताल में कराया गया भर्ती
🔴 मोपका चौकी पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
🔴 आरोपी भाई की तलाश में जुटी पुलिस
बिलासपुर। हरेली त्योहार पर पकवान और मांस पकाने को लेकर दो भाइयों के बीच शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि बड़े भाई ने छोटे भाई पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल छोटे भाई को तत्काल सिम्स अस्पताल बिलासपुर में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और मामले की जांच शुरू कर दी है।

मुर्गे के आकार को लेकर हुआ विवाद
घटना सरकंडा थाना क्षेत्र के मोपका चौकी अंतर्गत ग्राम चिल्हाटी की है। यहां रहने वाले सूरज धनवार रोजी-मजदूरी करते हैं। उनके परिवार में तीन भाई हैं और तीनों अपने-अपने परिवार के साथ अलग-अलग रहते हैं।
प्रार्थी सूरज ने पुलिस को बताया कि मंगलवार को हरेली त्योहार के अवसर पर उनका छोटा भाई रुपेश धनवार घर में पकाने के लिए एक मुर्गा लेकर आया था। इसी दौरान उनका बड़ा भाई गौतम भी अपने हिस्से का मुर्गा लेकर वहां पहुंचा।
बताया जा रहा है कि रुपेश का लाया हुआ मुर्गा बड़ा था, जबकि गौतम का मुर्गा आकार में छोटा था। इसी बात को लेकर गौतम की पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों ने उसे रुपेश की तरह बड़ा मुर्गा लाने को लेकर ताना दिया।
विरोध करने पर चाकू से किया हमला
दूसरों के ताने सुनने के बाद बड़ा भाई गौतम गुस्से में आ गया और उसने छोटे भाई रुपेश से विवाद शुरू कर दिया। जब रुपेश ने इसका विरोध किया तो गौतम ने धारदार हथियार चाकू निकालकर उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
चाकू के हमले में रुपेश गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान अवस्था में जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद परिवार में अफरा-तफरी मच गई।
गंभीर हालत में सिम्स में भर्ती
घटना के बाद परिजनों ने घायल रुपेश को तत्काल बिलासपुर के सिम्स अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलने पर मोपका पुलिस अस्पताल पहुंची और घायल के बयान दर्ज किए। पुलिस आरोपी गौतम की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। विवाद की वास्तविक वजह, हमले में इस्तेमाल हथियार और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
