रायपुर। छत्तीसगढ़ की लाखों विवाहित महिलाओं के लिए राहत भरी खबर है। राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना में नए पंजीयन का रास्ता जल्द खुलने वाला है। महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने संकेत दिए हैं कि अगले 15 दिनों के भीतर योजना का पोर्टल नए आवेदनों के लिए फिर से शुरू किया जा सकता है।

Highlight Lines
🔴 15 दिन में फिर खुल सकता है महतारी वंदन योजना का पोर्टल
🔴 बस्तर संभाग से शुरू होगी नए पंजीयन की प्रक्रिया
🔴 अब तक 28 किस्तों में ₹18,165 करोड़ से ज्यादा राशि जारी
🔴 हर महीने महिलाओं को मिलते हैं ₹1,000
🔴 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के खाते में सीधे आएगी साड़ी की राशि
सरकार की योजना के अनुसार नए पंजीयन अभियान की शुरुआत सबसे पहले बस्तर संभाग से की जाएगी। बस्तर के कई दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ी संख्या में पात्र महिलाएं तकनीकी और जागरूकता की कमी के कारण योजना का लाभ नहीं ले पाई थीं। ऐसे में सरकार अब वंचित महिलाओं तक योजना का लाभ पहुंचाने पर विशेष फोकस कर रही है।
महतारी वंदन योजना के तहत पात्र विवाहित महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जाती है। योजना शुरू होने के बाद अब तक 28 किस्तों का भुगतान किया जा चुका है और महिलाओं के खातों में 18 हजार 165 करोड़ रुपये से अधिक की राशि ट्रांसफर की जा चुकी है।
यह योजना सिर्फ आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं रही, बल्कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का माध्यम भी बनी है। कई महिलाओं ने इस राशि से छोटा व्यवसाय शुरू किया है, तो कई परिवार बच्चों की शिक्षा, पोषण और घरेलू जरूरतों को पूरा कर रहे हैं।
इस बीच महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने एक और महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा है कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को साड़ी खरीदने के लिए मिलने वाली राशि अब सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जाएगी। इससे व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ेगी और कार्यकर्ताओं को सुविधा मिलेगी।
सरकार का दावा है कि आने वाले चरण में अधिक से अधिक पात्र महिलाओं को योजना से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जाएगा।
