रायगढ़। रायगढ़ जिले के कापू थाना क्षेत्र में पत्नी की हत्या करने वाले आरोपी पति को पुलिस ने घटना के महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी वारदात के बाद फरार होने की तैयारी में था, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

Highlight Lines
🔴 पत्नी की हत्या का आरोपी पति 24 घंटे में गिरफ्तार
🔴 फरार होने से पहले कापू पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा
🔴 हत्या में प्रयुक्त डंडा और कपड़े पुलिस ने किए जब्त
🔴 घरेलू विवाद में पत्नी की हत्या करने की बात आरोपी ने कबूली
🔴 महिला अपराधों पर रायगढ़ पुलिस की त्वरित कार्रवाई
यह घटना 28 जून की सुबह ग्राम पारेमेर की है, जहां 43 वर्षीय जीतो बाई मंझवार का शव उसके घर में मिला था। सूचना मिलते ही कापू पुलिस मौके पर पहुंची, पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद जांच शुरू की गई।
प्रारंभिक जांच और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को मृतका के पति रामनाथ मंझवार पर हत्या का संदेह हुआ। इसी आधार पर बीएनएस की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी गांव छोड़कर फरार होने की फिराक में है। इस पर पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि घरेलू विवाद के दौरान पहले उसने पत्नी के साथ मारपीट की और फिर लकड़ी के डंडे से हमला कर उसकी हत्या कर दी।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा और घटना के समय पहने गए कपड़े भी जब्त कर लिए हैं। पुलिस ने आवश्यक साक्ष्य जुटाकर आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिला संबंधी गंभीर अपराधों में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई रायगढ़ पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने लोगों से घरेलू विवादों में हिंसा का रास्ता न अपनाने और संयम व संवाद से समस्याओं का समाधान करने की अपील की।
