रायपुर। राजधानी से लगे नकटी गांव में शासकीय चरागाह भूमि पर अतिक्रमण हटाने के लिए सोमवार को प्रशासन ने बड़ा अभियान चलाया। कार्रवाई के लिए सुबह से ही गांव में भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अमला तैनात किया गया।

अभियान में करीब चार हजार पुलिसकर्मी, 14 बुलडोजर, 250 कोटवार, 300 टीम प्रहरी और 200 अधिकारियों की संयुक्त टीम को लगाया गया है। इसके अलावा जिले के सभी पटवारी और राजस्व अधिकारियों की भी ड्यूटी लगाई गई है।
Highlight Lines
🔴नकटी गांव में 85 मकान खाली कराने पहुंचा प्रशासन
🔴4000 पुलिसकर्मी और 14 बुलडोजर किए गए तैनात
🔴ग्रामीणों के विरोध के बीच चली कार्रवाई
🔴55 एकड़ में प्रस्तावित है विधायक आवासीय कॉलोनी
🔴85 परिवारों के सामने बेघर होने का संकट
सुबह चार बजे से अलग-अलग टीमें गांव पहुंचीं और चिन्हित मकानों को खाली कराने की कार्रवाई शुरू की। इस दौरान कई ग्रामीणों ने विरोध जताया। पुलिस की घेराबंदी तोड़ने की कोशिश में धक्कामुक्की की स्थिति भी बनी, जिसके बाद पूरे इलाके में सुरक्षा और बढ़ा दी गई।
प्रशासन ने कार्रवाई को व्यवस्थित तरीके से पूरा करने के लिए गांव को कई सेक्टरों में बांटा है। प्रत्येक सेक्टर में राजस्व, पुलिस और स्थानीय प्रशासन की अलग-अलग टीमें तैनात की गई हैं। अधिकारियों का कहना है कि कार्रवाई राजस्व रिकॉर्ड और पहले जारी किए गए नोटिस के आधार पर की जा रही है।
बताया जा रहा है कि इस जमीन पर सरकार की 55 एकड़ में विधायक आवासीय कॉलोनी विकसित करने की योजना है। हालांकि करीब 40 से 50 वर्षों से यहां रह रहे 85 परिवारों के सामने अब बेघर होने का संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीण इस मामले में सांसद से भी मुलाकात कर चुके हैं, जिन्होंने समाधान का भरोसा दिया है।
