दाओके गांव में कंटीली तारों के पास दिखी संदिग्ध हलचल
🔴 BSF ने भारत-पाकिस्तान सीमा पर संदिग्ध घुसपैठिए को मार गिराया
🔴 दाओके गांव में रूटीन पेट्रोलिंग के दौरान झाड़ियों में दिखी हलचल
🔴 चेतावनी के बावजूद भारतीय सीमा की ओर बढ़ता रहा संदिग्ध
🔴 मृतक के पास से कोई पहचान पत्र या दस्तावेज नहीं मिला
🔴 घरिंडा पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की
अमृतसर। भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर अमृतसर के दाओके गांव में BSF ने घुसपैठ की कोशिश कर रहे एक संदिग्ध व्यक्ति को फायरिंग में मार गिराया। घटना घरिंडा थाना क्षेत्र में कंटीले तारों वाली सीमा के पास हुई। मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है, क्योंकि उसके पास से कोई पहचान पत्र या अन्य दस्तावेज बरामद नहीं हुआ।

पेट्रोलिंग के दौरान झाड़ियों में दिखी हलचल
घटना तड़के रूटीन पेट्रोलिंग के दौरान हुई। BSF जवानों ने सीमा पर लगी कंटीली तारों वाली बाड़ के पास झाड़ियों में संदिग्ध हलचल देखी। जवानों ने संदिग्ध व्यक्ति को झाड़ियों से बाहर आने के लिए कहा। कुछ देर बाद वह बाहर निकला और सीमा की बाड़ की ओर बढ़ने लगा।
चेतावनी के बाद भी सीमा की ओर बढ़ता रहा
सुरक्षाकर्मियों ने संदिग्ध को रुकने की चेतावनी दी। इसके बावजूद वह भारतीय सीमा की ओर बढ़ता रहा। इसके बाद BSF जवानों ने फायरिंग की, जिसमें संदिग्ध की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के तुरंत बाद BSF जवानों ने घरिंडा पुलिस को इसकी जानकारी दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की।
मृतक की पहचान और राष्ट्रीयता की जांच जारी
पुलिस के अनुसार घटनास्थल से कोई प्रतिबंधित सामान, संदिग्ध सामग्री या पहचान-पत्र बरामद नहीं हुआ है। मृतक की पहचान और उसकी राष्ट्रीयता का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए अपनी कस्टडी में लेकर आगे की कार्रवाई कर रही है।
सीमा पर सुरक्षा के बीच घटना से बढ़ी चिंता
पंजाब सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी होने के बीच यह घटना सामने आई है। सीमा पार से तस्करी और घुसपैठ की कोशिशों को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां अब इस बात की जांच कर रही हैं कि संदिग्ध व्यक्ति भारतीय सीमा की बाड़ तक क्यों पहुंचा था और उसके सीमा पार करने के पीछे क्या वजह थी।
