रायपुर में खारुन नदी उफान पर, महादेव घाट पुल बंद; दुर्ग के परसदा में SDRF ने रातभर अभियान चलाकर लोगों को सुरक्षित निकाला

रायपुर। छत्तीसगढ़ में लगातार तीसरे दिन बारिश का दौर जारी है। तेज बारिश के कारण कई नदी-नाले उफान पर हैं और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। रायपुर के महादेव घाट में खारुन नदी का जलस्तर बढ़ने से पुल के ऊपर से पानी बहने लगा, जिसके बाद पुलिस ने बेरिकेडिंग कर आवाजाही रोक दी।
बताया जा रहा है कि करीब 10 साल बाद महादेव घाट पुल के ऊपर पानी पहुंचा है। वहीं अमलेश्वर-पाटन मार्ग पर जलभराव के कारण आवागमन प्रभावित हुआ है। लगातार बारिश को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने निगरानी बढ़ा दी है।
दुर्ग के परसदा में बस्तियों में घुसा पानी
दुर्ग जिले के कुम्हारी थाना क्षेत्र के ग्राम परसदा में शुक्रवार देर रात बाढ़ का पानी बस्तियों में घुस गया। पानी बढ़ने के बाद कई परिवारों के फंसने की सूचना मिली।
सूचना मिलते ही नगर सेना और SDRF दुर्ग की टीम रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। टीम ने मोटर बोट, लाइफ जैकेट, लाइफ रिंग, रस्सी और सर्च लाइट की मदद से बचाव अभियान शुरू किया।
पांच घंटे चला रेस्क्यू, 50-55 लोग सुरक्षित
रेस्क्यू टीम रात करीब 12 बजे मौके पर पहुंची और घने अंधेरे तथा तेज बहाव के बीच अभियान शुरू किया। जवानों ने पानी से घिरे घरों तक मोटर बोट से पहुंचकर बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों समेत करीब 50 से 55 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
अभियान करीब पांच घंटे चला और सुबह 5 बजे तक सभी लोगों को सुरक्षित मेन रोड तथा राहत कैंप तक पहुंचा दिया गया। अधिकारियों के मुताबिक इस घटना में कोई जनहानि या पशुहानि नहीं हुई।
प्रशासन ने जारी की सावधानी की अपील
लगातार बारिश और नदी-नालों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से जलमग्न पुल-पुलियों और तेज बहाव वाले रास्तों को पार नहीं करने की अपील की है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भी कलेक्टरों को बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखने और जरूरत पड़ने पर तत्काल राहत पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।
Most Viewed Posts
- छत्तीसगढ़ के 42 नर्सिंग संस्थानों की मान्यता रद्द, रायपुर के 15 कॉलेज शामिल (1,310)
- लेबर क्वार्टर हादसे में कंपनी मालिकों पर एफआईआर, महिला मजदूर की मौत के बाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई (698)
- ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 49.50 लाख की चिटफंड ठगी मामले में दो फरार आरोपी गिरफ्तार (613)
- सहकारिता सप्ताह का समापन, किसानों को मिली योजनाओं की जानकारी (600)
- छत्तीसगढ़ पुलिस में बड़ा प्रमोशन, 61 SI बने इंस्पेक्टर (586)
