रायगढ़, 27 जून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ के तहत धरमजयगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने फ्लोरा मैक्स चिटफंड कंपनी से जुड़े लंबे समय से फरार चल रहे दो आरोपियों श्याम सिंह राजपूत और बलराम बंजारा उर्फ बल्लू को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

Highlight
🔴ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत दो फरार आरोपी गिरफ्तार
🔴49.50 लाख की चिटफंड ठगी मामले में बड़ी कार्रवाई
🔴165 ग्रामीण महिलाओं से स्व-रोजगार के नाम पर ठगी
🔴श्याम सिंह राजपूत और बलराम बंजारा गिरफ्तार
🔴आर्थिक अपराधियों पर रायगढ़ पुलिस की सख्त कार्रवाई
पुलिस के अनुसार यह मामला करीब 49 लाख 50 हजार रुपये की चिटफंड धोखाधड़ी से जुड़ा है। आरोप है कि फ्लोरा मैक्स कंपनी के संचालकों ने स्व-रोजगार, बेहतर आमदनी और बैंक लोन दिलाने का झांसा देकर धरमजयगढ़ क्षेत्र के चैनपुर, सिथरा, जबगा और जमाबीरा गांव की 165 ग्रामीण महिलाओं को अपने झांसे में लिया। महिलाओं के समूह बनाकर विभिन्न बैंकों से उनके नाम पर ऋण स्वीकृत कराया गया और अलग-अलग स्थानों पर दुकानें भी खुलवाई गईं।
आरोपियों ने प्रत्येक महिला को हर महीने 2 हजार 700 रुपये आय देने का वादा किया था, लेकिन व्यवसाय से होने वाली पूरी कमाई खुद रख ली। महिलाओं को न तो तय राशि मिली और न ही बैंक ऋण की किश्तें जमा की गईं। इसके चलते आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं पर बैंक का कर्ज बढ़ता चला गया।
मामले की शिकायत मिलने के बाद धरमजयगढ़ पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान कंपनी से जुड़ी एजेंट मंजू चौहान को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। उसके कब्जे से स्कूटी, रसीदें, रजिस्टर, बैंक लोन से जुड़े दस्तावेज और कंपनी की प्रचार सामग्री भी जब्त की गई थी। वहीं कंपनी के अन्य मुख्य आरोपी अलग-अलग मामलों में पहले से जेल में हैं।
पुलिस लगातार फरार आरोपियों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर श्याम सिंह राजपूत को जांजगीर-चांपा जिले के हथनेवरा और बलराम बंजारा उर्फ बल्लू को खरसिया क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनों ने मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार की, जिसके बाद उन्हें न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
रायगढ़ पुलिस का कहना है कि ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ के तहत आर्थिक अपराध, चिटफंड ठगी और निवेश के नाम पर लोगों से धोखाधड़ी करने वाले संगठित गिरोहों के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि किसी भी निवेश योजना में पैसा लगाने से पहले उसकी पूरी जानकारी और वैधता की जांच अवश्य करें।
