रायपुर, 27 जून। बॉलीवुड अभिनेता और समाजसेवी सोनू सूद शनिवार को रायपुर पहुंचे। यहां से वे दुर्ग जिले में आयोजित एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रवाना हुए। रायपुर एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने अयोध्या के राम मंदिर में सामने आए चंदा चोरी के मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी।

Highlight
🔴रायपुर पहुंचे अभिनेता सोनू सूद, राम मंदिर मामले पर दिया बयान
🔴दान में चोरी को बताया आस्था और विश्वास के साथ विश्वासघात
🔴दोषियों की संपत्ति जब्त कर जनकल्याण में लगाने की मांग
🔴धार्मिक दान में गड़बड़ी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की वकालत
🔴एसआईटी की जांच जारी, 8 आरोपी गिरफ्तार, 79 लाख से अधिक बरामद
सोनू सूद ने इस घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं द्वारा किया गया दान लोगों की आस्था और विश्वास का प्रतीक होता है। ऐसे पवित्र धन का दुरुपयोग या चोरी करना बेहद गंभीर अपराध है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मामले की निष्पक्ष जांच होगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
दुर्ग में आयोजित कार्यक्रम के दौरान भी सोनू सूद ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति की इस तरह के मामले में संलिप्तता साबित होती है, तो उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों की संपत्तियां जब्त कर उन्हें समाजहित और जनकल्याण के कार्यों में उपयोग किया जाना चाहिए।
सोनू सूद ने कहा कि राम मंदिर ही नहीं, किसी भी धार्मिक स्थल पर श्रद्धालुओं द्वारा दिया गया दान पवित्र होता है। ऐसे दान में गड़बड़ी करना केवल आर्थिक अपराध नहीं बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था और विश्वास के साथ विश्वासघात भी है। ऐसे मामलों में किसी भी तरह की नरमी नहीं बरती जानी चाहिए।
उधर, राम मंदिर चंदा चोरी मामले की जांच के लिए गठित एसआईटी लगातार कार्रवाई कर रही है। अब तक आठ संदिग्धों को गिरफ्तार किया जा चुका है और 79 लाख रुपये से अधिक की राशि बरामद की गई है। मामले की जांच अभी भी जारी है।
