पीपरमार चौक की कबाड़ दुकान में कार्रवाई, करीब ₹50 हजार का लोहे-टीन का कबाड़ और ₹5 लाख का पिकअप वाहन जब्त

रायगढ़, 25 सितंबर। जिले में चोरी के सामान की खरीद-बिक्री और अवैध कबाड़ के परिवहन पर रोक लगाने के लिए रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई जारी है। इसी अभियान के तहत धरमजयगढ़ पुलिस ने पीपरमार चौक स्थित एक कबाड़ दुकान में रेड कार्रवाई कर करीब 800 किलोग्राम लोहे और टीन का स्क्रैप तथा एक पिकअप वाहन जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार जब्त कबाड़ की कीमत करीब ₹50 हजार और पिकअप वाहन की कीमत करीब ₹5 लाख है।
मुखबिर की सूचना पर कबाड़ दुकान में रेड
पुलिस के मुताबिक थाना प्रभारी धरमजयगढ़ निरीक्षक राजेश जांगड़े ने क्षेत्र में अवैध कबाड़ के क्रय-विक्रय और परिवहन पर निगरानी के लिए मुखबिर तैनात किए थे।
इसी दौरान सूचना मिली कि मनतोष यादव (30) पीपरमार चौक में कबाड़ की दुकान संचालित कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम गवाहों के साथ मौके पर पहुंची और दुकान की जांच की।
दुकान और पिकअप से मिला 800 किलो स्क्रैप
पुलिस के अनुसार दुकान की जांच के दौरान करीब 500 किलोग्राम लोहे-टीन का स्क्रैप मिला। इसके अलावा पिकअप वाहन क्रमांक CG 13 AB 6317 में करीब 300 किलोग्राम स्क्रैप लोड पाया गया।
पुलिस ने कुल करीब 800 किलोग्राम कबाड़ जब्त किया। इसके साथ पिकअप वाहन को भी कार्रवाई में शामिल किया गया।
BNSS और BNS की धाराओं में कार्रवाई
पुलिस ने मनतोष यादव के खिलाफ धारा 35(क-ड) BNSS/303(2) BNS के तहत कार्रवाई की है। पुलिस का कहना है कि जिले में चोरी के अपराधों पर अंकुश लगाने और चोरी के माल की खरीद-बिक्री व खपत रोकने के लिए अवैध कबाड़ कारोबार पर निगरानी आगे भी जारी रहेगी।
कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक सुरेन्द्र वर्मा, प्रधान आरक्षक श्यामदेव साहू और आरक्षक ललित राठिया शामिल रहे।
