छत्तीसगढ़ के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में पढ़ने वाले एमबीबीएस इंटर्न्स के लिए नई दर 1 अक्टूबर 2026 से लागू, वित्त विभाग की मंजूरी

रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के चिकित्सा शिक्षा विभाग ने प्रदेश के शासकीय मेडिकल कॉलेजों में इंटर्नशिप कर रहे एमबीबीएस इंटर्न्स की शिष्यवृत्ति (Stipend) बढ़ाने को मंजूरी दे दी है। नई व्यवस्था के तहत अब इंटर्न्स को ₹25,000 प्रतिमाह शिष्यवृत्ति दी जाएगी।
चिकित्सा शिक्षा विभाग के आदेश के अनुसार संशोधित स्टाइपेंड की नई दर 1 अक्टूबर 2026 से प्रभावी होगी। इस प्रस्ताव पर वित्त विभाग ने भी सहमति प्रदान कर दी है।
सरकारी मेडिकल कॉलेजों के इंटर्न्स को मिलेगा लाभ
नई दर प्रदेश के शासकीय चिकित्सा महाविद्यालयों में पढ़ाई पूरी करने वाले एमबीबीएस इंटर्न्स पर लागू होगी। इससे राज्य के मेडिकल कॉलेजों में इंटर्नशिप कर रहे सैकड़ों विद्यार्थियों को सीधे आर्थिक लाभ मिलेगा।
चिकित्सा शिक्षा विभाग ने इंटर्न्स को वर्तमान में मिल रही शिष्यवृत्ति की दर को पुनरीक्षित करते हुए 25 हजार रुपये प्रतिमाह करने की स्वीकृति दी है।
वित्त विभाग से मिली सहमति
विभागीय आदेश के अनुसार स्टाइपेंड बढ़ाने के प्रस्ताव को वित्त विभाग के कंप्यूटर क्रमांक 465396 के माध्यम से सहमति दी गई है। इसके बाद चिकित्सा शिक्षा विभाग ने संशोधित दर लागू करने का आदेश जारी किया है।
राज्यपाल के नाम से जारी हुआ आदेश
यह आदेश छत्तीसगढ़ के राज्यपाल के नाम से चिकित्सा शिक्षा विभाग की ओर से जारी किया गया है। आदेशानुसार विभाग के अवर सचिव पूरन लाल साहू ने डिजिटल हस्ताक्षर के माध्यम से इसे जारी किया है।
नई व्यवस्था लागू होने के बाद प्रदेश के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस इंटर्न्स को हर महीने ₹25,000 की शिष्यवृत्ति मिलेगी।
