जगदलपुर में करीब 130 मिमी बारिश, इंद्रावती नदी का जलस्तर खतरे के करीब; बीजापुर और कोंडागांव में भी स्कूल बंद

जगदलपुर। बंगाल की खाड़ी में बने गहरे अवदाब के असर से बस्तर संभाग में लगातार भारी बारिश हो रही है। बुधवार से शुरू हुआ बारिश का दौर गुरुवार को भी जारी रहा। तेज बारिश के चलते जनजीवन प्रभावित हुआ है। बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने कई क्षेत्रों में स्कूल बंद रखने के आदेश दिए हैं।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार बुधवार सुबह 8 बजे से गुरुवार रात 8 बजे तक जगदलपुर में करीब 130 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। लगातार बारिश के कारण शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बन गई है।
सड़कें जलमग्न, कई गांवों का संपर्क प्रभावित
भारी बारिश के कारण जगदलपुर के कई मुख्य मार्ग और निचले इलाके पानी में डूब गए हैं। धरमपुरा मार्ग पर बिनाका मॉल के पास जलभराव से लोगों को परेशानी हुई।
ग्रामीण इलाकों में दरभा, लोहंडीगुड़ा और बास्तानार ब्लॉक के अंदरूनी गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क प्रभावित होने की जानकारी सामने आई है।
इंद्रावती नदी का जलस्तर बढ़ा
लगातार बारिश के कारण इंद्रावती नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। पुराने पुल की गेज साइट पर नदी का जलस्तर करीब 6.30 मीटर बताया गया है, जो खतरे के निशान से करीब आधा मीटर नीचे है।
शुक्रवार को भी बारिश जारी रहने के पूर्वानुमान के बीच नदी का जलस्तर और बढ़ने की आशंका है। प्रशासन नदी और निचले इलाकों पर नजर बनाए हुए है।
संवेदनशील इलाकों में प्रशासन अलर्ट
कलेक्टर आकाश छिकारा ने आपात बैठक लेकर मैदानी अमले, तहसीलदारों और पुलिस अधिकारियों को फील्ड में रहने के निर्देश दिए हैं।
तटीय गांवों और संवेदनशील बस्तियों में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क किया गया है। जिन पुल-पुलियों पर पानी बह रहा है, वहां बैरिकेड्स लगाकर आवागमन प्रतिबंधित किया गया है।
बीजापुर और कोंडागांव में भी बारिश को देखते हुए स्कूल बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं।
