सराईभद्दर वार्ड क्रमांक 34 की घटना; तीन आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धाराओं में केस दर्ज, फरार एक अन्य आरोपी की तलाश में दबिश दे रही पुलिस

रायगढ़। शहर के जूटमिल थाना क्षेत्र अंतर्गत धार्मिक मंदिर की मूर्ति तोड़े जाने की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही मामले में शामिल एक विधि से संघर्षरत बालक (नाबालिग) को भी पुलिस अभिरक्षा में लेकर सक्षम न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। पुलिस ने इस प्रकरण में कुल तीन आरोपियों के विरुद्ध नामजद अपराध दर्ज किया है, जिनमें से एक आरोपी अभी फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
सराईभद्दर के रहवासियों ने थाने में की थी लिखित शिकायत
मिली जानकारी के अनुसार, रविवार 22 नवंबर 2026 को जूटमिल क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 34, सराईभद्दर के स्थानीय रहवासियों ने थाना जूटमिल पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। रहवासियों ने बताया कि उनके वार्ड स्थित धार्मिक मंदिर की मूर्ति को कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया गया है।
तीन आरोपियों के खिलाफ बीएनएस (BNS) के तहत अपराध दर्ज
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जूटमिल थाना प्रभारी ने तत्काल संज्ञान लिया और तीन नामजद आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 734/2026, भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 298 और 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया।
मुख्य आरोपी गिरफ्तार, फरार आरोपी की तलाश जारी
अपराध दर्ज करने के बाद जूटमिल पुलिस की टीम ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए इलाके में दबिश दी। इस दौरान पुलिस ने आरोपी राहुल चौहान (21 वर्ष), पिता लक्ष्मी चौहान, निवासी सराईभद्दर जूटमिल को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही घटना में शामिल एक विधि से संघर्षरत बालक को भी अभिरक्षा में लिया गया। दोनों को वैधानिक कार्रवाई पूरी कर सक्षम न्यायालय में पेश किया गया है। वहीं, प्रकरण के तीसरे और फरार आरोपी लक्ष्मी चौहान की पतासाजी और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
डभरा-चंद्रपुर मार्ग पर यात्री बस और बाइक की भीषण भिड़ंत, भजन-कीर्तन करने जा रहे तीन ग्रामीणों की मौके पर मौत
