Highlight Lines
🔴 जेलों की GeM खरीद प्रणाली पर व्यापारी ने उठाए सवाल
🔴 चारू सप्लायर और साईं ट्रेडर्स पर सिंडिकेट चलाने का आरोप
🔴 रायपुर और बिलासपुर जेल की खरीद दरों में बड़ा अंतर होने का दावा
🔴 टेंडर शर्तों में बदलाव कर चुनिंदा वेंडरों को फायदा पहुंचाने का आरोप
रायपुर। छत्तीसगढ़ जेल GeM टेंडर प्रक्रिया एक बार फिर विवादों में आ गई है। सरकारी खरीद में पारदर्शिता लाने के उद्देश्य से लागू की गई गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस (GeM) प्रणाली को लेकर व्यापारी महेश आहूजा ने रायपुर सेंट्रल जेल अधीक्षक को शिकायत सौंपते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं।

शिकायत में दावा किया गया है कि जेल के कुछ वरिष्ठ अधिकारियों की कथित मिलीभगत से चारू सप्लायर और साईं ट्रेडर्स जैसे वेंडर्स सिंडिकेट बनाकर सरकारी खरीद प्रक्रिया को प्रभावित कर रहे हैं। शिकायतकर्ता का आरोप है कि रायपुर और बिलासपुर जेल में एक ही सामग्री की कीमतों में भारी अंतर है और सामान्य खाद्य सामग्री पर ब्रांड का लेबल लगाकर ऊंची कीमतों पर खरीद की जा रही है।
व्यापारी महेश आहूजा ने यह भी आरोप लगाया है कि पारदर्शिता के लिए शुरू की गई छत्तीसगढ़ जेल GeM टेंडर व्यवस्था का दुरुपयोग किया जा रहा है। उनके अनुसार, कस्टम बिड प्रक्रिया को दरकिनार कर Q3 और Q4 श्रेणी का उपयोग चुनिंदा वेंडरों को लाभ पहुंचाने के लिए किया जा रहा है।
शिकायत में 13 और 15 जून 2026 को हुए पेपर और मसाला टेंडर का भी उल्लेख किया गया है। आरोप है कि इन टेंडरों की शर्तें इस प्रकार बनाई गईं कि केवल कुछ चुनिंदा वेंडरों को ही लाभ मिल सके।
महेश आहूजा ने कहा है कि यदि जेल महानिदेशक और राज्य सरकार इस मामले में तत्काल कार्रवाई नहीं करते हैं, तो वे इसकी शिकायत केंद्र सरकार से भी करेंगे। फिलहाल इन आरोपों पर संबंधित विभाग की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
