Highlight Lines
🔴 “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत किया पौधरोपण
🔴 तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस चेक वितरित
🔴 “तुहर पौधा तुहर द्वार” योजना के वाहन को दिखाई हरी झंडी
🔴 स्वास्थ्य मंत्री बोले- इसी वर्ष शुरू होगा मेडिकल कॉलेज
मनेंद्रगढ़ जिले के निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज परिसर परसगढ़ी में आयोजित वन महोत्सव-2026 के तहत “एक पेड़ मां के नाम” अभियान में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस चेक वितरित किए तथा “तुहर पौधा तुहर द्वार” योजना के तहत पौधों के निःशुल्क वितरण के लिए विशेष वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

कार्यक्रम में चंदन, मौलश्री, अशोक और आंवला सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। स्वास्थ्य मंत्री ने नागरिकों से प्रत्येक परिवार द्वारा कम से कम एक पौधा लगाने और उसके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि वृक्ष पर्यावरण संरक्षण के साथ आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की मजबूत नींव हैं।
इसी वर्ष शुरू होगा मेडिकल कॉलेज
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि परसगढ़ी में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का संचालन इसी वर्ष शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। उनके अनुसार यह संस्थान एमसीबी जिले के साथ सरगुजा संभाग, छत्तीसगढ़ के अन्य जिलों और मध्यप्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों के विद्यार्थियों एवं मरीजों के लिए भी महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।

16 लाख पौधों का रोपण, 2 लाख पौधे होंगे निःशुल्क वितरित
वनमंडलाधिकारी चन्द्र कुमार अग्रवाल ने बताया कि वन महोत्सव-2026 के दौरान जिले में 16 लाख पौधों का रोपण किया जाएगा। वहीं “तुहर पौधा तुहर द्वार” योजना के तहत 2 लाख पौधे नागरिकों को निःशुल्क वितरित किए जाएंगे। विभाग ने नागरिकों से पौधरोपण की तस्वीरें व्हाट्सएप नंबर 8770045481 पर भेजने की भी अपील की है। बेहतर संरक्षण करने वालों को सम्मानित किया जाएगा।
तेंदूपत्ता बोनस और विकास कार्यों का उल्लेख
कार्यक्रम में वर्ष 2023 के तेंदूपत्ता संग्रहण का बोनस 11 लघु वनोपज सहकारी समितियों को वितरित किया गया। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि जिले में मेडिकल कॉलेज के साथ नर्सिंग कॉलेज, फिजियोथेरेपी कॉलेज, मानसिक रोग अस्पताल, डायलिसिस सेंटर, पॉलीटेक्निक कॉलेज, हॉर्टिकल्चर कॉलेज और अन्य विकास परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया।
