रायगढ़, 26 जून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘अभियान संवेदना’ के तहत महिला थाना रायगढ़ पुलिस ने दुष्कर्म के आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

Highlight
🔴अभियान संवेदना के तहत महिला थाना की त्वरित कार्रवाई
🔴शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाला आरोपी गिरफ्तार
🔴सक्ती जिले से आरोपी को दबिश देकर किया गिरफ्तार
🔴महिला थाना में दर्ज शिकायत पर तत्काल हुई कार्रवाई
🔴आरोपी को न्यायालय में पेश कर भेजा गया न्यायिक रिमांड
पुलिस के अनुसार, 28 वर्षीय युवती ने शिकायत दर्ज कराई कि वर्ष 2024 में एक निजी वित्तीय कंपनी से लोन लेने के दौरान उसकी पहचान फाइनेंसर हितेश कुमार केवट से हुई थी। आरोप है कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर रायगढ़ स्थित किराए के मकान में युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाए।
बाद में युवती को पता चला कि आरोपी की शादी किसी अन्य युवती से तय हो गई है। विरोध करने पर आरोपी ने विवाह से इंकार कर दिया। इसके बाद पीड़िता की शिकायत पर महिला थाना रायगढ़ में भारतीय न्याय संहिता और एससी/एसटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
डीएसपी उन्नति ठाकुर के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने सक्ती जिले के डभरा क्षेत्र में दबिश देकर आरोपी हितेश कुमार केवट को गिरफ्तार किया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि महिला संबंधी अपराधों के विरुद्ध ‘अभियान संवेदना’ के तहत आगे भी त्वरित और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
