मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, 26 जून। जिले के ग्राम गुंडरदेही में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 12 वर्षीय छात्रा की ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया और पुलिस से बचने के लिए तेज रफ्तार में भागता रहा।
Highlight
🔴12 वर्षीय छात्रा को कुचलकर ट्रक चालक मौके से फरार
🔴120 की रफ्तार में 55 किलोमीटर तक पुलिस को दौड़ाता रहा
🔴दो पुलिस बैरिकेड तोड़कर जवानों को कुचलने की कोशिश
🔴कोरकोट्टी के पास ट्रक दुर्घटनाग्रस्त, चालक गिरफ्तार
🔴नशे की हालत में मिला आरोपी, मामले में कार्रवाई जारी
पुलिस के मुताबिक, कक्षा छठवीं की छात्रा पूनम हल्बा सड़क किनारे खड़ी थी, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने उसे कुचल दिया। हादसे के बाद चालक बिना रुके मौके से फरार हो गया।

आरोप है कि नशे में धुत चालक ने करीब 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ट्रक दौड़ाया। इस दौरान उसने मोहला और मानपुर में पुलिस की दो बैरिकेडिंग तोड़ दी और पुलिस जवानों को भी कुचलने की कोशिश की। करीब 55 किलोमीटर तक पुलिस ने पीछा किया, जिसके बाद कोरकोट्टी के पास ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हो गया और चालक को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान देवी सिंह, निवासी उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी के समय आरोपी नशे की हालत में था और उसके खिलाफ अंबागढ़ चौकी थाने में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
घटना के विरोध में ग्रामीणों ने छात्रा का शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया और लगातार हो रहे सड़क हादसों पर नाराजगी जताई। प्रशासन की समझाइश के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और देर शाम अंतिम संस्कार किया गया।
