छत्तीसगढ़ में 28 जून को राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का आयोजन किया जाएगा। इस अभियान के तहत जन्म से लेकर 5 वर्ष तक के 35 लाख 98 हजार से अधिक बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है।

Highlight
🔴28 जून को प्रदेशभर में चलेगा राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान
🔴35.98 लाख से अधिक बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक
🔴28 हजार टीमों और 57 हजार वैक्सीनेटर की तैनाती
🔴छूटे बच्चों को 29 और 30 जून को घर-घर मिलेगी दवा
🔴दूरस्थ और प्रवासी परिवारों तक भी पहुंचेगी स्वास्थ्य विभाग की टीम
अभियान के सफल संचालन के लिए प्रदेशभर में 28 हजार टीमों का गठन किया गया है। वहीं 57 हजार से अधिक वैक्सीनेटर और स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती की गई है, जो बूथों और विभिन्न क्षेत्रों में बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएंगे।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अभियान के दिन यदि कोई बच्चा छूट जाता है, तो 29 और 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर ऐसे बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी, ताकि कोई भी बच्चा इस जीवनरक्षक दवा से वंचित न रहे।
राज्य टीकाकरण अधिकारी डॉ. वी.आर. भगत ने बताया कि अभियान के दौरान दूरस्थ गांवों, वनांचल क्षेत्रों, शहरी बस्तियों, ईंट-भट्ठों, निर्माण स्थलों के साथ-साथ प्रवासी और घुमंतू परिवारों के बच्चों तक भी स्वास्थ्य टीम पहुंचेगी।
स्वास्थ्य विभाग ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर ले जाकर पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं, ताकि प्रदेश को पोलियो मुक्त बनाए रखने का लक्ष्य लगातार कायम रहे।
