सरगुजा, 27 जून। सरगुजा जिले के ऐतिहासिक रामगढ़ में 29 और 30 जून को दो दिवसीय रामगढ़ महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस सांस्कृतिक महोत्सव का शुभारंभ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे।

Highlight
🔴29 और 30 जून को होगा दो दिवसीय रामगढ़ महोत्सव
🔴मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे महोत्सव का शुभारंभ
🔴लोकनृत्य और लोकगीतों से सजेगा सांस्कृतिक आयोजन
🔴सीताबेंगरा और जोगीमारा गुफाओं का कराया जाएगा भ्रमण
🔴साहित्य, इतिहास, जनजातीय संस्कृति और हस्तशिल्प होंगे आकर्षण
महोत्सव के पहले दिन छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी। विभिन्न लोक कलाकार पारंपरिक लोकनृत्य और लोकगीतों की आकर्षक प्रस्तुतियां देंगे। इसके साथ ही देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों और आगंतुकों को विश्व की प्राचीनतम रंगशाला मानी जाने वाली सीताबेंगरा गुफा, ऐतिहासिक जोगीमारा गुफा, रामगढ़ पर्वत श्रृंखला तथा क्षेत्र के अन्य महत्वपूर्ण पुरातात्विक स्थलों का भ्रमण भी कराया जाएगा।
महोत्सव के दूसरे दिन 30 जून को साहित्य, इतिहास और संस्कृति पर आधारित परिचर्चाओं का आयोजन होगा। साथ ही लोककलाओं की रंगारंग प्रस्तुतियां, जनजातीय संस्कृति की झलक, हस्तशिल्प और पारंपरिक उत्पादों की प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रहेगी।
रामगढ़ महोत्सव का उद्देश्य छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पुरातात्विक धरोहर और जनजातीय परंपराओं को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाना तथा पर्यटन को बढ़ावा देना है।
