Highlight Lines
🔴 उदयपुर थाना क्षेत्र के टिहली पहाड़ पर मिला 15 वर्षीय छात्र का शव
🔴 चेहरे और पैरों पर गंभीर चोट के निशान, हत्या की आशंका
🔴 फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जुटाए साक्ष्य
🔴 दोस्तों और सहपाठियों से पूछताछ, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र में 15 वर्षीय छात्र का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। रिखी ग्राम स्थित टिहली पहाड़ पर झाड़ियों के बीच छात्र का शव मिलने के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद सलका गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।

खेलने निकला था छात्र, अगले दिन मिला शव
जानकारी के अनुसार ग्राम सलका निवासी विरेंद्र कंवर (15) सलका हाईस्कूल में कक्षा 9वीं का छात्र था। गुरुवार शाम वह घर से खेलने की बात कहकर निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
शुक्रवार सुबह भी परिजन और ग्रामीण उसकी खोजबीन करते रहे। इसी दौरान टिहली पहाड़ पहुंचे कुछ लोगों ने झाड़ियों के बीच छात्र का शव देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी।
पत्थर से सिर कुचलने की आशंका
सूचना मिलते ही उदयपुर पुलिस, ग्राम सरपंच और अंबिकापुर से फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में छात्र के चेहरे पर गंभीर चोट और पैरों पर भी गहरे घाव पाए गए। घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि भारी पत्थर से सिर कुचलकर उसकी हत्या की गई है।
दोस्तों से पूछताछ जारी
मृतक का घर घटनास्थल से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर स्थित है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि छात्र घटना स्थल तक किसके साथ पहुंचा था। अब तक की पूछताछ में सामने आया है कि शाम को वह अपने दोस्तों के साथ खेल रहा था, लेकिन बाद में वह किसके साथ गया, इसकी जानकारी किसी के पास नहीं है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा
थाना प्रभारी शिशिरकांत सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है और छात्र के दोस्तों व सहपाठियों से लगातार पूछताछ की जा रही है।
