अम्बिकापुर विकासखंड के झोझया पारा धनगवां में पुराने किराये के भवन की जगह चार कमरों वाला नया आंगनबाड़ी भवन, वीबी-जी राम जी और महिला एवं बाल विकास विभाग का अभिसरण

सरगुजा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के साथ बच्चों और माताओं के लिए बेहतर सेवाएं सुनिश्चित करने की दिशा में कार्य कर रही है। इसी क्रम में सरगुजा जिले के अम्बिकापुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत सपना के झोझया पारा धनगवां में 11.69 लाख रुपये की लागत से नया आंगनबाड़ी भवन निर्मित किया जा रहा है।
इस भवन के निर्माण के लिए 3.69 लाख रुपये महिला एवं बाल विकास विभाग के अभिसरण से और 8 लाख रुपये वीबी-जी राम जी के माध्यम से उपलब्ध कराए गए हैं। नए भवन से आंगनबाड़ी केंद्र में आने वाले बच्चों, गर्भवती एवं शिशुवती माताओं के साथ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका को भी बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं।
किराये के भवन से नए भवन तक बदली तस्वीर
पहले आंगनबाड़ी केंद्र किराये के भवन में संचालित होता था। सीमित जगह के कारण बच्चों के लिए सीखने, खेलने और अन्य गतिविधियों के लिए पर्याप्त स्थान नहीं था। एक ही कमरे में भोजन तैयार करने और बच्चों को पढ़ाने का काम होने से कार्यकर्ताओं को भी परेशानी होती थी।
अब चार कमरों वाले नए भवन के निर्माण से केंद्र की व्यवस्थाएं अधिक सुव्यवस्थित हुई हैं। बच्चों के लिए पर्याप्त जगह, आवश्यक मूलभूत सुविधाएं और आकर्षक दीवार चित्रों से सीखने के लिए बेहतर वातावरण तैयार हुआ है। इससे बच्चे उत्साह के साथ आंगनबाड़ी केंद्र पहुंच रहे हैं और खेल-खेल में सीखने की गतिविधियों में भाग ले रहे हैं।
बच्चों और माताओं को मिल रहा पोषण-स्वास्थ्य का लाभ
आंगनबाड़ी केंद्र के माध्यम से बच्चों को गरम भोजन और रेडी-टू-ईट उपलब्ध कराया जा रहा है। गर्भवती एवं शिशुवती माताओं को निर्धारित पोषण सामग्री देने के साथ स्वास्थ्य और पोषण से जुड़ी आवश्यक जानकारी भी दी जा रही है।
बच्चों और गर्भवती महिलाओं के टीकाकरण को लेकर जागरूकता बढ़ाने में भी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।
नए भवन से कार्यकर्ताओं को मिली राहत
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उर्मिला ने बताया कि पहले किराये के भवन में केवल एक कमरा होने के कारण भोजन बनाने, बच्चों को पढ़ाने और अन्य गतिविधियों को संचालित करने में काफी परेशानी होती थी।
नए भवन में पर्याप्त स्थान, अलग-अलग कमरे और शौचालय सहित जरूरी सुविधाएं उपलब्ध होने से काम करना आसान हो गया है। उन्होंने कहा कि नया भवन बच्चों को सुरक्षित, स्वच्छ और बेहतर वातावरण दे रहा है। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्र की गतिविधियां भी पहले की तुलना में अधिक व्यवस्थित तरीके से संचालित हो रही हैं।
उन्होंने नए भवन के निर्माण और आंगनबाड़ी केंद्रों को बेहतर सुविधाओं से जोड़ने की पहल के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं और विभागीय अभिसरण से आंगनबाड़ी केंद्रों का कायाकल्प हो रहा है, जिसका सीधा लाभ बच्चों, माताओं और कार्यकर्ताओं को मिल रहा है।




