शिक्षक दिवस पर वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी ने पुसौर विकासखंड में किया भूमिपूजन, विद्यार्थियों को मिलेंगी आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं

रायगढ़। शिक्षक दिवस के अवसर पर वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी ने रायगढ़ जिले के पुसौर विकासखंड अंतर्गत कोड़ातराई में PM श्री स्कूल भवन निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। करीब 1.21 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस भवन में विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण के साथ आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
स्कूल भवन का निर्माण पूरा होने के बाद क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक शिक्षा के लिए बेहतर अधोसंरचना मिलेगी। इससे ग्रामीण क्षेत्र में विद्यार्थियों को सुविधाजनक शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
शिक्षा को लेकर ओपी चौधरी ने दिया संदेश
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि शिक्षा समाज और राष्ट्र के विकास की आधारशिला है। वर्तमान तकनीकी दौर में विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों और अवसरों के लिए तैयार करना जरूरी है।
उन्होंने शिक्षकों से कहा कि बच्चों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रखें, बल्कि उनमें नई सोच, जिज्ञासा, सवाल पूछने और नवाचार की भावना विकसित करें। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में इनोवेशन और स्टार्टअप की सोच विकसित करना समय की आवश्यकता है।
व्यक्तित्व निर्माण में शिक्षकों की अहम भूमिका
ओ.पी. चौधरी ने कहा कि बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण में शिक्षकों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। शिक्षक समाज में ज्ञान और जागरूकता के विस्तार की महत्वपूर्ण कड़ी हैं।
उन्होंने शिक्षक दिवस के अवसर पर सभी शिक्षकों को शुभकामनाएं दीं और उनसे बच्चों में सीखने तथा कुछ नया करने की प्रवृत्ति को प्रोत्साहित करने का आग्रह किया।
सकरबोगा में ग्रामीणों से किया सीधा संवाद
वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी शनिवार सुबह रायगढ़ जिले के सकरबोगा गांव पहुंचे। यहां उन्होंने ग्रामीणों के बीच बैठकर उनकी समस्याएं और स्थानीय जरूरतें सुनीं। उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद करते हुए क्षेत्र की प्राथमिक आवश्यकताओं की जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, पेयजल, सिंचाई, सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। गांवों के विकास की योजनाएं स्थानीय लोगों की जरूरतों और सुझावों को ध्यान में रखकर तैयार की जा रही हैं, ताकि विकास का लाभ सीधे ग्रामीणों तक पहुंच सके।
इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष पुसौर हेमलता हरिशंकर चौहान, जिला पंचायत सदस्य भाग्यवती डोलनारायण नायक, जनपद पंचायत सदस्य गोपी चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।




