ऑपरेशन आघात के तहत लैलूंगा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, टाटा सफारी समेत 3 कार, स्कूटी और 8 मोबाइल जब्त; 61.53 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त

रायगढ़, 4 सितंबर। रायगढ़ पुलिस ने ऑपरेशन आघात के तहत नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश के 8 कथित गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। लैलूंगा पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 34 पैकेट में कुल 34.865 किलो गांजा बरामद किया है। इसके साथ ही टाटा सफारी, दो हुंडई औरा कार, एक स्कूटी और 8 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार जब्त सामान और वाहनों की कुल कीमत करीब 61 लाख 53 हजार 200 रुपये है। पुलिस का दावा है कि आरोपी ओडिशा से गांजा लेकर उत्तर प्रदेश की ओर जा रहे थे और वाहनों के जरिए एक-दूसरे की पायलटिंग कर रहे थे।
सफारी रोकने पर पुलिस वाहन को मारी टक्कर
पुलिस को 3 सितंबर 2026 को सूचना मिली थी कि काले रंग की टाटा सफारी क्रमांक UP-70-DF-0050 में बड़ी मात्रा में गांजा लेकर कुछ लोग ओडिशा की ओर से जमुना होते हुए लैलूंगा-पत्थलगांव के रास्ते उत्तर प्रदेश जा रहे हैं।
सूचना के बाद लैलूंगा पुलिस ने ग्राम कमरगा में नाकाबंदी की। इसी दौरान तेज रफ्तार सफारी को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस के मुताबिक सफारी चालक ने पुलिस के निजी वाहन CG-13-AM-0302 को साइड से टक्कर मार दी और मौके से भागने लगा।
पुलिस टीम ने पीछा करते हुए ग्राम मोतीपुर के पास सफारी को घेरा। यहां एक स्कूटी भी सफारी के आगे पायलटिंग करती हुई मिली। दोनों वाहनों के चालक पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया।
पूछताछ में सामने आया 8 तस्करों का नेटवर्क
पुलिस के अनुसार सफारी चालक अनिल कुमार चौधरी और स्कूटी चालक गगन कुमार चौधरी से पूछताछ में पता चला कि उनके साथ छह अन्य लोग भी ओडिशा से निकले थे। ये आरोपी दो हुंडई औरा कारों में आगे चलकर सफारी की पायलटिंग कर रहे थे।
इसी दौरान दोनों हुंडई औरा कारों को सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की सरिया पुलिस ने कंचनपुर बैरियर और बरगढ़ जाने वाले रास्ते पर संदेह के आधार पर पकड़ लिया।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान पकड़े गए आरोपियों ने बताया कि उनके पीछे टाटा सफारी में गांजा रखा हुआ था। इसकी सूचना रायगढ़ पुलिस को दी गई। इसके बाद लैलूंगा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सफारी को पकड़ लिया।
दोनों जिलों की संयुक्त कार्रवाई में 8 आरोपी गिरफ्तार
सरिया पुलिस की कार्रवाई और लैलूंगा पुलिस की घेराबंदी के बाद इस पूरे मामले में कुल 8 आरोपियों को आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने सभी के खिलाफ थाना लैलूंगा में NDPS एक्ट की धारा 20(B) और 29 के तहत कार्रवाई की है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
- अनिल कुमार चौधरी, उम्र 36 वर्ष, उत्तर प्रदेश
- गगन कुमार चौधरी, उम्र 25 वर्ष, उत्तर प्रदेश
- संदीप सिंह, उम्र 23 वर्ष, जिला प्रयागराज, उत्तर प्रदेश
- ललित पाल, उम्र 22 वर्ष, जिला फतेहपुर, उत्तर प्रदेश
- शुभम सिंह, उम्र 20 वर्ष, जिला फतेहपुर, उत्तर प्रदेश
- दीपांशु सिंह, उम्र 20 वर्ष, जिला फतेहपुर, उत्तर प्रदेश
- प्रिंस सिंह, उम्र 28 वर्ष, जिला फतेहपुर, उत्तर प्रदेश
- देवेंद्र तिवारी, उम्र 25 वर्ष, जिला कौशांबी, उत्तर प्रदेश
34.865 किलो गांजा समेत ये सामान जब्त
पुलिस के अनुसार आरोपियों से कुल 34.865 किलो गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 17 लाख 43 हजार 200 रुपये बताई गई है।
इसके अलावा कार्रवाई में:
- टाटा सफारी UP-70-DF-0050 — करीब ₹2 लाख
- स्कूटी OD-12-H-6460 — करीब ₹30 हजार
- हुंडई औरा UP-70-RT-1067 — करीब ₹9 लाख
- हुंडई औरा UP-70-RT-3451 — करीब ₹9 लाख
- 8 मोबाइल फोन — करीब ₹80 हजार
कुल जब्ती की अनुमानित कीमत: ₹61,53,200
ऑपरेशन आघात के तहत पुलिस की बड़ी कार्रवाई
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई। धरमजयगढ़ एसडीओपी सिद्धांत तिवारी के नेतृत्व में लैलूंगा पुलिस टीम ने सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों की घेराबंदी की।
पुलिस के अनुसार इस कार्रवाई से ओडिशा से उत्तर प्रदेश तक गांजा पहुंचाने वाले कथित नेटवर्क का खुलासा हुआ है। मामले में आरोपियों से पूछताछ और आगे की जांच जारी है।





8 thoughts on “रायगढ़ में गांजा तस्करी के बड़े सिंडिकेट का भंडाफोड़, यूपी के 8 तस्कर गिरफ्तार; 34.865 किलो गांजा जब्त”