Highlight Lines
🔴 एक कमरे में बालवाड़ी, पहली और दूसरी की कक्षाएं संचालित
🔴 चौथी कक्षा के विद्यार्थी बरामदे में पढ़ने को मजबूर
🔴 जर्जर भवन के कारण 77 बच्चों की पढ़ाई प्रभावित
🔴 नया भवन बनाने की मांग, कई बार विभाग को भेजा प्रस्ताव
बालोद। शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के दावों के बीच डौंडी लोहारा विकासखंड के ग्राम अंडी की प्राथमिक शाला बदहाल हालात बयां कर रही है। जर्जर भवन के कारण स्कूल की कक्षाएं अस्थायी रूप से माध्यमिक शाला में संचालित की जा रही हैं, लेकिन वहां भी पर्याप्त कमरे नहीं होने से एक ही कमरे में बालवाड़ी, पहली और दूसरी कक्षा के बच्चों को पढ़ाया जा रहा है, जबकि चौथी कक्षा के विद्यार्थी बरामदे में बैठकर पढ़ाई करने को मजबूर हैं।

विद्यालय में वर्तमान में 77 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। एक ही कमरे में तीन कक्षाएं संचालित होने से बच्चों का ध्यान भटकता है और शिक्षण कार्य प्रभावित हो रहा है। शिक्षक किसी एक कक्षा को पढ़ाते हैं तो अन्य कक्षाओं के विद्यार्थियों की पढ़ाई बाधित होती है।
शिक्षक रवि सिन्हा ने बताया कि प्राथमिक शाला का भवन लंबे समय से जर्जर था। बारिश के बाद स्थिति और खराब होने पर बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए कक्षाओं को माध्यमिक शाला में स्थानांतरित किया गया, लेकिन वहां भी कमरों की कमी के कारण यह वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ रही है।
सरपंच संतोष कुमार जैन ने बताया कि नए भवन निर्माण की मांग कई बार संबंधित अधिकारियों और जनदर्शन में की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। विद्यालय प्रबंधन ने भी विभाग से जल्द नया भवन स्वीकृत कर निर्माण कराने की मांग की है, ताकि बच्चों की पढ़ाई सुरक्षित और बेहतर माहौल में हो सके।
