Highlight Lines
🔴 शादी का झांसा देकर युवती से शारीरिक संबंध बनाने का आरोप
🔴 शिकायत के 24 घंटे के भीतर आरोपी गिरफ्तार
🔴 ‘अभियान संवेदना’ के तहत पुलिस की त्वरित कार्रवाई
🔴 आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया जेल
रायगढ़। रायगढ़ जिले के पूंजीपथरा थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर युवती का शारीरिक शोषण करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को शिकायत दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, 20 वर्षीय युवती ने शिकायत में बताया कि अक्टूबर 2025 में उसकी पहचान शेखर बघेल से हुई थी। आरोपी ने प्रेम संबंध बनाकर शादी करने और पत्नी बनाकर साथ रखने का भरोसा दिया। इसके बाद वह युवती को अपने गेरवानी स्थित घर ले गया और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी लंबे समय तक उसे पत्नी की तरह अपने साथ रखता रहा, लेकिन शादी की बात आने पर टालमटोल करने लगा और बाद में मारपीट कर घर से निकाल दिया।
पीड़िता की शिकायत पर पूंजीपथरा थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। चिकित्सीय परीक्षण के बाद पुलिस ने आरोपी शेखर बघेल को उसके निवास से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
रायगढ़ पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई “अभियान संवेदना” के तहत महिलाओं से जुड़े अपराधों में त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई की नीति के अनुरूप की गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं के विरुद्ध अपराध करने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
