Highlight Lines
🔴 महिला सुरक्षा को लेकर एसएसपी ने अधिकारियों की ली बैठक
🔴 मानव तस्करी रोकने संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी के निर्देश
🔴 बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर बढ़ेगी सतर्कता
🔴 पीड़ित महिलाओं और बच्चों के पुनर्वास पर दिया गया जोर
रायगढ़। रायगढ़ में महिला सुरक्षा और मानव तस्करी की रोकथाम को लेकर जिला स्तरीय महिला उत्पीड़न एवं अनैतिक व्यापार निवारण समिति की बैठक आयोजित की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा, मानव तस्करी की रोकथाम, पीड़ितों के संरक्षण तथा पुनर्वास की रणनीति की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में एसएसपी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर लगातार निगरानी रखने, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और अन्य प्रमुख स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने तथा सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
एसएसपी ने पंचायतों, स्कूल-कॉलेजों, स्वयं सहायता समूहों और सामाजिक संगठनों के माध्यम से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया। साथ ही महिला अपराध और मानव तस्करी से जुड़े मामलों की नियमित समीक्षा, त्वरित विवेचना और लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।
बैठक में पीड़ित महिलाओं और बच्चों को सुरक्षित आश्रय, स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा, कौशल विकास, आर्थिक सहायता और पुनर्वास योजनाओं से जोड़ने पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि पीड़ितों को शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाकर उन्हें सम्मानपूर्वक मुख्यधारा से जोड़ा जाए।
