वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने अगले पांच वर्षों के विकास का रोडमैप रखा, खर्रा घाट में बनेगा ऑक्सीजन गार्डन; कलाकारों को भी किया सम्मानित

रायगढ़। अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त 41वें चक्रधर समारोह का बुधवार को भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में वित्त मंत्री ओपी चौधरी शामिल हुए। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर अंतिम संध्या का शुभारंभ किया और महाराजा चक्रधर सिंह की कला साधना एवं योगदान को नमन किया।
वित्त मंत्री ने कहा कि महाराजा चक्रधर सिंह के संरक्षण से रायगढ़ घराने के कथक को विशिष्ट पहचान मिली और चक्रधर समारोह इस सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
रायगढ़ में बनेगा 2 करोड़ का कंटेंट क्रिएटर्स स्टूडियो
समापन समारोह में वित्त मंत्री ने रायगढ़ के युवा कंटेंट क्रिएटर्स के लिए 2 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक स्टूडियो बनाने की घोषणा की।
इस स्टूडियो के माध्यम से स्थानीय युवाओं, कलाकारों और कंटेंट क्रिएटर्स को आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराने का लक्ष्य है। स्थानीय कला और संस्कृति को डिजिटल प्लेटफॉर्म तक पहुंचाने में भी इससे मदद मिलने की उम्मीद जताई गई।
कला एवं संगीत महाविद्यालय की स्थापना
वित्त मंत्री ने बताया कि रायगढ़ में कला एवं संगीत महाविद्यालय की स्थापना की जाएगी। इसके लिए बजट में प्रावधान किए जाने की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि आगे की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है।
पांच साल में 10 नए ऑक्सीजन गार्डन
रायगढ़ में अगले पांच वर्षों में 10 नए ऑक्सीजन गार्डन विकसित करने का संकल्प भी सामने रखा गया। इनमें खर्रा घाट में करीब 5 एकड़ क्षेत्र में ऑक्सीजन गार्डन विकसित करने की योजना है। इसका भूमि पूजन जल्द किए जाने की बात कही गई।
इसके अलावा राजू नगर में डेयरी, गजमार पहाड़ और नगर वन विकास, मरीन ड्राइव, खेल सुविधाओं और अन्य अधोसंरचना परियोजनाओं पर भी काम आगे बढ़ाने की जानकारी दी गई।
पुल और सड़क परियोजनाओं से मजबूत होगी कनेक्टिविटी
शहर में कयाघाट पुल, केवड़ावाड़ी पुल, राजा महल के पास पुल और गोवर्धनपुर पुल जैसे कार्यों का भी उल्लेख किया गया। इसके साथ ही सड़क चौड़ीकरण और रिंग रोड सहित विभिन्न परियोजनाओं को रायगढ़ के विकास से जोड़ा गया।
प्रयास विद्यालय, नवगुरु स्कूल, हॉर्टिकल्चर कॉलेज, फिजियोथेरेपी कॉलेज और नेचुरोपैथी कॉलेज जैसी परियोजनाओं पर भी कार्य आगे बढ़ाने की जानकारी दी गई।
पुनर्वासित कलाकारों को 51 हजार रुपये की सम्मान राशि
समापन समारोह में कलाकारों का सम्मान भी किया गया। वित्त मंत्री ने कलाकार आयुष नामदेव और उनके बैंड को सम्मानित किया।
नारायणपुर से आए पुनर्वासित कलाकारों की प्रस्तुति की सराहना करते हुए उनके लिए 51 हजार रुपये की सम्मान राशि देने की घोषणा की गई। कार्यक्रम में पुनर्वास के बाद कला के माध्यम से समाज की मुख्यधारा से जुड़ी कलाकार चौती दीदी को भी शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।
जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में दर्शक रहे मौजूद
सांसद राधेश्याम राठिया और राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह ने भी महाराजा चक्रधर सिंह के योगदान और चक्रधर समारोह की सांस्कृतिक भूमिका को याद किया।
कार्यक्रम में महापौर जीवर्धन सिंह चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष शिखा रविन्द्र गबेल, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
