Highlight Lines
🔴 स्कूटी सवार कारोबारी पर चार युवकों ने किया हमला
🔴 सीने और पैर पर चाकू मारकर किया गंभीर घायल
🔴 राहगीरों ने बाइक नंबर की फोटो खींची
🔴 पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की
रायपुर। दीनदयाल नगर थाना क्षेत्र में मामूली विवाद के बाद चार युवकों ने एक सेनेटरी कारोबारी पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में कारोबारी के सीने और पैर पर गंभीर चोटें आई हैं। घायल को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, लाखेनगर निवासी जानवी लालवानी की शिकायत पर केस दर्ज किया गया है। उनके पति पवन कुमार लालवानी बुधवार शाम करीब 6:30 बजे स्कूटी से अपने गोदाम जा रहे थे। इसी दौरान लाखेनगर-रायपुरा मार्ग स्थित सुंदर नगर में दो बाइक पर सवार चार युवकों ने लापरवाही से वाहन चलाने की बात को लेकर उनसे विवाद शुरू कर दिया।
आरोप है कि विवाद के दौरान युवकों ने पहले गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद एक आरोपी ने धारदार हथियार से पवन लालवानी के सीने पर वार कर दिया। बचने की कोशिश करने पर उनके बाएं घुटने के पास भी हमला किया गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
घटना के दौरान मौजूद राहगीरों ने आरोपियों की एक बाइक का नंबर अपने मोबाइल में कैद कर लिया। पुलिस अब उसी नंबर के आधार पर चारों आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी हुई है।
