Highlight Lines
🔴 श्मशान घाट और रास्तों पर अवैध कब्जे का आरोप
🔴 अंतिम संस्कार में ग्रामीणों को हो रही भारी परेशानी
🔴 कार्रवाई नहीं होने पर कलेक्टर से लगाई गुहार
🔴 प्रशासन ने सीमांकन और अतिक्रमण हटाने का दिया भरोसा
बिलासपुर। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में श्मशान घाटों और वहां जाने वाले सार्वजनिक रास्तों पर कथित अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। बेलगहना ब्लॉक के सोनपुरी पंचायत अंतर्गत ढोलमौहा सहित कई गांवों के ग्रामीणों ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर अतिक्रमण हटाने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीणों का आरोप है कि दबंगों ने शासकीय श्मशान भूमि और वहां जाने वाले रास्तों पर कब्जा कर खेती और निर्माण कार्य शुरू कर दिया है। इससे अंतिम संस्कार जैसे जरूरी कार्यों में भी लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई बार ग्राम पंचायत और तहसील कार्यालय में शिकायत करने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने का भी आरोप लगाया गया है।
ग्रामीणों के अनुसार, 13 जून 2026 को तहसीलदार को शिकायत देने के बाद भी केवल नोटिस जारी किए गए, लेकिन मौके पर सीमांकन और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई नहीं हुई। विरोध करने पर महिलाओं और ग्रामीणों के साथ गाली-गलौज और धमकी देने के भी आरोप लगाए गए हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि बेलगहना के अलावा नगोई, तखतपुर और बिल्हा क्षेत्र के कई गांवों में भी श्मशान भूमि पर कब्जे की शिकायतें हैं। उनका कहना है कि राजस्व अधिकारी समय पर सीमांकन नहीं करते, जिससे अतिक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है।
मामले पर प्रशासन का कहना है कि श्मशान घाट और मुक्तिधाम की जमीन पर अतिक्रमण की शिकायतें गंभीर हैं। सभी संबंधित अधिकारियों को सीमांकन कर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए हैं। जहां भी शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा मिलेगा, वहां नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
