Highlight Lines
🔴 महिला की तस्वीरें एडिट कर सोशल मीडिया पर की वायरल
🔴 तकनीकी जांच से आरोपी तक पहुंची बलौदा पुलिस
🔴 श्रवण-बधिर आरोपी से सांकेतिक भाषा विशेषज्ञ की मदद से पूछताछ
🔴 यूट्यूब देखकर सीखी फोटो एडिटिंग और इंस्टाग्राम चलाने की तकनीक
बलौदा। इंटरनेट मीडिया का दुरुपयोग कर महिला की छवि खराब करने वाले एक आरोपी को बलौदा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने महिला के नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर उसकी एडिट की गई अश्लील तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल कर दी थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

सांकेतिक भाषा विशेषज्ञ की मदद से हुई पूछताछ
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी सुखसागर कुर्रे (24) निवासी हरदीविशाल श्रवण-बधिर है। ऐसे में पूछताछ के लिए सांकेतिक भाषा विशेषज्ञ की सहायता ली गई। विशेषज्ञ की मदद से हुई पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने यूट्यूब वीडियो देखकर इंस्टाग्राम चलाना और फोटो एडिटिंग करना सीखा था।
महिला की तस्वीरों से की छेड़छाड़
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने महिला की तस्वीरों को एडिट कर अश्लील रूप दिया और फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट के माध्यम से सोशल मीडिया पर प्रसारित किया।
तकनीकी साक्ष्यों से आरोपी तक पहुंची पुलिस
महिला की शिकायत पर पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। डिजिटल फुटप्रिंट्स और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे हिरासत में लिया। बाद में न्यायालय में पेश कर उसे जेल भेज दिया गया।
सोशल मीडिया के दुरुपयोग पर पुलिस की चेतावनी
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर फर्जी आईडी बनाकर किसी की छवि खराब करने, अश्लील सामग्री प्रसारित करने या साइबर अपराध करने वालों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
