Highlight Lines
🔴 तीन दिन में कक्षा 9वीं की 8 छात्राओं की अचानक बिगड़ी तबीयत
🔴 चीखने-चिल्लाने और बेहोश होने के बाद अस्पताल में कराया गया भर्ती
🔴 सभी छात्राओं की मेडिकल रिपोर्ट आई सामान्य
🔴 शिक्षा विभाग ने काउंसलिंग कराने के दिए निर्देश
भिलाई। खम्हरिया स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूल में कक्षा 9वीं की छात्राओं की अचानक तबीयत बिगड़ने का मामला सामने आया है। सोमवार को तीन छात्राओं की तबीयत अचानक खराब हो गई। इनमें से एक छात्रा चीखने-चिल्लाने लगी, उसके हाथ-पैर अकड़ गए और आंखों से आंसू निकलने लगे। कुछ ही देर में तीनों छात्राएं बेहोश हो गईं।

अस्पताल में उपचार के बाद हुईं सामान्य
स्कूल प्रबंधन ने तत्काल छात्राओं को निजी अस्पताल पहुंचाया। करीब एक से डेढ़ घंटे तक उपचार और निगरानी के बाद उनकी स्थिति सामान्य हो गई। डॉक्टरों की जांच में सभी छात्राओं की मेडिकल रिपोर्ट सामान्य पाई गई।
तीन दिनों में सामने आए 8 मामले
जानकारी के अनुसार, पिछले तीन दिनों में इसी तरह की आठ घटनाएं सामने आ चुकी हैं। 9 जुलाई को कक्षा 9वीं की पांच छात्राओं की तबीयत अचानक बिगड़ी थी। वे भी चीखने-चिल्लाने लगी थीं और अस्पताल में उपचार के बाद सामान्य हो गई थीं। इसके बाद 11 जुलाई को तीन अन्य छात्राओं में भी ऐसे ही लक्षण दिखाई दिए।
शिक्षा विभाग ने दिए काउंसलिंग के निर्देश
घटनाओं की पुनरावृत्ति के बाद जिला शिक्षा विभाग भी सक्रिय हो गया है। स्कूल की प्राचार्य सुनीता दीवान ने बताया कि अब तक यह स्थिति केवल कक्षा 9वीं की छात्राओं में ही देखने को मिली है। सभी छात्राओं की स्वास्थ्य जांच में कोई शारीरिक समस्या सामने नहीं आई है। जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) कार्यालय की ओर से विद्यार्थियों की काउंसलिंग कराने के निर्देश दिए गए हैं।
अभिभावकों से की गई चर्चा
इससे पहले 9 जुलाई को स्कूल प्रबंधन समिति (SMC) की बैठक आयोजित कर प्रभावित छात्राओं के अभिभावकों से चर्चा की गई। बैठक में अभिभावकों से बच्चों का मनोबल बढ़ाने, उन्हें सकारात्मक वातावरण देने और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई।
