Highlight Lines
🔴 15 और 16 जुलाई को प्रदेश में बढ़ेगी बारिश की गतिविधियां
🔴 कई जिलों में भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी
🔴 बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम से बढ़ेगी नमी
🔴 रायपुर और बिलासपुर में सबसे अधिक 35.2°C तापमान दर्ज
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र के ताजा बुलेटिन के अनुसार 15 और 16 जुलाई को प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है। इससे पिछले कुछ दिनों से गर्मी और उमस से परेशान लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।

बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम का असर
मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान में मॉनसून द्रोणिका श्रीगंगानगर, हिसार, मुरादाबाद, गोरखपुर, मुजफ्फरपुर और बालुरघाट होते हुए मणिपुर तक फैली हुई है। वहीं बंगाल की खाड़ी और दक्षिण बांग्लादेश के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण के कारण अगले 48 घंटों में प्रदेश में नमी का प्रवाह बढ़ेगा, जिससे बारिश की गतिविधियां तेज होंगी।
भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी
मौसम विभाग ने 15 और 16 जुलाई के लिए प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। साथ ही एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा, गरज-चमक और वज्रपात की भी चेतावनी दी गई है। अगले दो दिनों के बाद भी मौसम का यही रुख बने रहने की संभावना है।
रायपुर-बिलासपुर सबसे गर्म, अंबिकापुर सबसे ठंडा
प्रदेश में रायपुर और बिलासपुर का अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अंबिकापुर 23.9 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ सबसे ठंडा स्थान रहा। रायपुर में आज आंशिक रूप से बादल छाए रहने तथा अधिकतम तापमान 35°C और न्यूनतम 27°C रहने का अनुमान है।
