Highlight Lines
🔴 नकटी गांव से राजभवन तक 13 किलोमीटर की न्याय पदयात्रा
🔴 प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज समेत कई नेता हुए शामिल
🔴 प्रभावित परिवारों ने अस्थायी फ्लैट लेने से किया इनकार
🔴 सुरक्षा के मद्देनजर भारी पुलिस बल तैनात, ट्रैफिक एडवाइजरी जारी
रायपुर। राजधानी के नकटी गांव में पुनर्वास और मुआवजे की मांग को लेकर मंगलवार को कांग्रेस की न्याय पदयात्रा आयोजित की गई। इस दौरान गांव में सैकड़ों की संख्या में प्रभावित परिवार और कांग्रेस कार्यकर्ता एकत्र हुए। कार्यक्रम को देखते हुए प्रशासन ने भारी पुलिस बल तैनात किया और शहर में विशेष यातायात व्यवस्था लागू की।

13 किलोमीटर की न्याय पदयात्रा
जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी की ओर से आयोजित यह पदयात्रा नकटी गांव से शुरू होकर लगभग 13 किलोमीटर का सफर तय करते हुए पीटीएस चौक, माना, फुंडहर चौक, श्रीराम मंदिर (करेंसी टावर), तेलीबांधा गौरव पथ होते हुए राजभवन (लोक भवन) तक पहुंची।
इस पदयात्रा में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, पार्टी के वरिष्ठ नेता, विधायक और प्रभावित परिवार बड़ी संख्या में शामिल हुए।
स्थायी पुनर्वास की मांग, फ्लैट लेने से इनकार
कांग्रेस की मांग है कि नकटी गांव के 85 प्रभावित परिवारों को गांव में ही 2,000 वर्गफीट भूमि आवंटित कर पुनर्वास किया जाए और मकान तोड़े जाने से हुए नुकसान के अनुरूप उचित मुआवजा दिया जाए।
प्रभावित परिवारों ने प्रशासन द्वारा सेक्टर-30 स्थित हाउसिंग बोर्ड के चौथी मंजिल के फ्लैटों में अस्थायी आवास के प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया है। वर्तमान में वे गांव में टेंट और टीन शेड में रहकर जीवन-यापन कर रहे हैं।
कांग्रेस ने सरकार पर साधा निशाना
जिला कांग्रेस कमेटी रायपुर ग्रामीण के अध्यक्ष राजेंद्र पप्पू बंजारे ने आरोप लगाया कि गरीब परिवारों के आशियाने उजाड़ दिए गए, लेकिन अब तक पुनर्वास और मुआवजे पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस राज्यपाल से हस्तक्षेप कर प्रभावित परिवारों को न्याय दिलाने की मांग करेगी।
भारी पुलिस बल तैनात, ट्रैफिक एडवाइजरी जारी
पदयात्रा के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए नकटी गांव और पूरे मार्ग पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया।
यातायात पुलिस के अनुसार, सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक श्रीराम मंदिर तिराहा (करेंसी टावर) से तेलीबांधा थाना तिराहा तक यातायात का दबाव अधिक रहेगा। इस दौरान सर्विस रोड बंद रहेगी। महासमुंद से दुर्ग की ओर जाने वाले वाहन चालकों से मुख्य मार्ग का उपयोग करने की अपील की गई है।
