Highlight Lines
🔴 मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मृतक श्रमिकों के परिजनों को ₹20-20 लाख सहायता का ऐलान
🔴 कुलगाम आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के दो प्रवासी श्रमिकों की हुई थी मौत
🔴 जिला प्रशासन ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर हरसंभव मदद का दिया भरोसा
🔴 जम्मू-कश्मीर प्रशासन से समन्वय के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त करेगी राज्य सरकार
सारंगढ़ बिलाईगढ़।
दक्षिण कश्मीर के कुलगाम में हुए आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के दो प्रवासी श्रमिकों की मौत के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने इस आतंकी घटना की कड़ी निंदा करते हुए मृतक श्रमिकों के परिजनों को राज्य सरकार की ओर से 20-20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

मुख्यमंत्री ने जताई संवेदना
मुख्यमंत्री ने कहा कि सक्ती जिले के निवासी दीपक रात्रे और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के ग्राम छुईहा (धनसीर) निवासी भूपेंद्र भैना की आतंकवादी हमले में मौत अत्यंत दुखद और अमानवीय घटना है। उन्होंने कहा कि निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाना मानवता के खिलाफ अपराध है और छत्तीसगढ़ सरकार इस कठिन समय में पीड़ित परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है।

नोडल अधिकारी करेगा समन्वय
मुख्यमंत्री ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही राज्य सरकार के अधिकारियों को जम्मू-कश्मीर प्रशासन से समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाएगा, जो मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने और पूरी प्रक्रिया की निगरानी करेगा।

कलेक्टर और एसपी पहुंचे भूपेंद्र के घर
शनिवार को सारंगढ़-बिलाईगढ़ कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू और पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा ग्राम छुईहा (धनसीर) पहुंचकर दिवंगत भूपेंद्र भैना के परिजनों से मिले। अधिकारियों ने परिवार को ढांढस बंधाया और हरसंभव प्रशासनिक सहायता का भरोसा दिलाया। कलेक्टर ने परिजनों को आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन जम्मू-कश्मीर प्रशासन और राज्य सरकार के साथ लगातार समन्वय बनाए हुए है।
चार साल पहले हुई थी शादी
भूपेंद्र भैना (24) का विवाह लगभग चार वर्ष पहले हुआ था। परिवार में उनकी पत्नी, तीन वर्षीय पुत्र मानस, दादी शांति बाई, बहन अन्नू भैना, माता नागेश्वरी, पिता दशरथ और छोटा भाई अनुराग भैना हैं। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
