Highlight Lines
🔴 डूमरडीह पुल के पास कार ने एक्टिवा को मारी जोरदार टक्कर
🔴 हादसे में पिता और 4 वर्षीय बेटे की मौके पर मौत
🔴 पत्नी गंभीर घायल, मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती
🔴 कार सवार 2 युवक पकड़े गए, 3 आरोपी मौके से फरार
कोरबा।
कोरबा जिले के डूमरडीह पुल के पास शनिवार दोपहर हुए भीषण सड़क हादसे में तेज रफ्तार कार ने एक्टिवा सवार दंपती और उनके चार वर्षीय बेटे को टक्कर मार दी। हादसे में आनंद राम राठिया (36) और उनके चार वर्षीय पुत्र दुर्गेश राठिया की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी सुमित्राबाई राठिया (33) गंभीर रूप से घायल हो गईं। उनका इलाज मेडिकल कॉलेज अस्पताल में जारी है।

खरीदारी कर लौट रहा था परिवार
जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत खेड़ाकछार के महुआ गांव निवासी आनंद राम राठिया शनिवार सुबह पत्नी और बेटे के साथ खरीदारी के लिए कोरबा शहर आए थे। दोपहर करीब 3:15 बजे तीनों एक्टिवा से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान रजगामार मार्ग पर डूमरडीह पुल के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी एक्टिवा को जोरदार टक्कर मार दी।
पिकनिक से लौट रहे थे कार सवार युवक
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार में पांच युवक सवार थे, जो डूमरकछार क्षेत्र से पिकनिक मनाकर लौट रहे थे। कार तेज रफ्तार में थी। स्थानीय लोगों के अनुसार कार सवार युवकों के नशे में होने की भी चर्चा है, हालांकि इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी।
दो युवकों को पकड़कर पुलिस के हवाले किया
हादसे के बाद कार सवार युवक भागने लगे, लेकिन राहगीरों ने पीछा कर दो युवकों को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। वहीं तीन अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस फरार युवकों की तलाश में जुटी है और पूरे मामले की जांच कर रही है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
आनंद राम राठिया परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे और मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनकी मौत के बाद परिवार पर आर्थिक संकट गहरा गया है। घर में उनकी 14 वर्षीय दिव्यांग बेटी भाग्यश्री, 9 वर्षीय पुत्र अमन कुमार और 7 वर्षीय पुत्र नितिन राठिया हैं। पिता की मौत और मां के गंभीर रूप से घायल होने से बच्चों के भविष्य को लेकर परिवार चिंता में है।
