मिनीमाता कन्या महाविद्यालय के दीक्षारम्भ समारोह में पहुंचे मंत्री लखन लाल देवांगन; डीएमएफ से कॉलेज में बनेगा विशाल डोम

कोरबा, 7 सितम्बर 2026। शासकीय मिनीमाता कन्या महाविद्यालय, कोरबा में आयोजित दीक्षारम्भ समारोह में उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में नवप्रवेशित छात्राओं का स्वागत किया गया। इस दौरान महाविद्यालय की करीब 1500 छात्राओं को CSR मद से एजुकेशन किट प्रदान की गई।
मंत्री लखन लाल देवांगन ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि बेटियां जितना अधिक पढ़ेंगी, उतना ही परिवार, समाज और प्रदेश सशक्त होगा। उन्होंने छात्राओं से शिक्षा को अपनी ताकत बनाकर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
मिनीमाता कन्या महाविद्यालय में बनेगा विशाल डोम
समारोह के दौरान मंत्री ने महाविद्यालय में अधोसंरचना विकास को लेकर बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि डीएमएफ मद से मिनीमाता कन्या महाविद्यालय में विशाल डोम का निर्माण कराया जाएगा।
उन्होंने यह भी बताया कि जिले के अन्य शासकीय कॉलेजों में भी विद्यार्थियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए विशाल डोम सहित आवश्यक अधोसंरचना विकसित करने पर जोर दिया जाएगा।
GYAN मॉडल पर विकास का फोकस
मंत्री देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के वर्ष 2047 तक विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि प्रदेश का विकास मॉडल GYAN यानी गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी पर केंद्रित है।
उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रभावी क्रियान्वयन का उल्लेख करते हुए बताया कि प्रदेश का सकल नामांकन अनुपात (GER) वर्ष 2021-22 के 19.6 प्रतिशत से बढ़कर 27.5 प्रतिशत हो गया है।
महापौर ने छात्राओं से मेहनत करने का किया आह्वान
कार्यक्रम में महापौर संजू देवी राजपूत ने छात्राओं को देश का भविष्य बताते हुए निरंतर मेहनत और संघर्ष के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि छात्राएं अपने लक्ष्य निर्धारित कर पूरी लगन के साथ सफलता के शिखर तक पहुंचने का प्रयास करें।
शिक्षा को डीएमएफ में सर्वोच्च प्राथमिकता
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कहा कि जिले में डीएमएफ मद के कार्यों में शिक्षा को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने बताया कि जिले के छात्र-छात्राओं को देश के किसी भी शासकीय महाविद्यालय में उच्च अध्ययन के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।
समारोह में जनप्रतिनिधि और कॉलेज स्टाफ मौजूद
कार्यक्रम में महापौर संजू देवी राजपूत और कलेक्टर कुणाल दुदावत के अलावा स्थानीय पार्षद, महाविद्यालय की प्राचार्य पपिया चतुर्वेदी, प्राध्यापकगण, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं।




