कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर प्रशासन ने दिखाई संवेदनशीलता, मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर और सीपी चेयर सहित जरूरत के अनुसार उपकरण किए वितरित

कोरबा, 7 सितंबर 2026। कलेक्टर जनदर्शन में अपनी समस्याओं और जरूरतों को लेकर पहुंचे दिव्यांगजनों के आवेदनों पर जिला प्रशासन ने संवेदनशीलता दिखाते हुए त्वरित कार्रवाई की। जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों के आधार पर 6 दिव्यांग हितग्राहियों को उनकी आवश्यकता के अनुसार तत्काल सहायक उपकरण उपलब्ध कराए गए।
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने जनदर्शन में दिव्यांगजनों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। कलेक्टर के निर्देशन में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन द्वारा हितग्राहियों को उनकी जरूरत के अनुरूप सहायक उपकरण प्रदान किए गए।
6 हितग्राहियों को मिले सहायक उपकरण
जनदर्शन में पहुंचे परदेशी दास, निवासी धवईपुर, कटघोरा को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल प्रदान की गई। वहीं गुड्डी सागर, निवासी मोतीसागर पारा, कोरबा को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल और वॉकर दिया गया।
इसी तरह रामजी साव, निवासी दर्री, कोरबा को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, ललित जांगड़े, निवासी कुसमुंडा, को व्हीलचेयर प्रदान की गई।
वहीं दृष्टि महंत, निवासी दुरपा रोड, कोरबा और निरवर, निवासी जिला कोरबा को सी.पी. चेयर उपलब्ध कराई गई।
सहायक उपकरण से आसान होगा दैनिक जीवन
सहायक उपकरण मिलने से दिव्यांग हितग्राहियों के लिए दैनिक जीवन की जरूरी गतिविधियां अधिक सहज होंगी। मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर, वॉकर और सीपी चेयर जैसे उपकरण उन्हें आवागमन तथा सामान्य गतिविधियों में अधिक आत्मनिर्भर बनने में मदद करेंगे।
सहायक उपकरण मिलने पर हितग्राहियों ने खुशी जताई और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रशासन की इस त्वरित पहल से यह भी स्पष्ट हुआ कि जनदर्शन के माध्यम से प्राप्त जरूरतमंद नागरिकों के आवेदनों पर प्राथमिकता से कार्रवाई की जा रही है।
दिव्यांगजनों की जरूरतों को प्राथमिकता
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कहा कि दिव्यांगजनों की आवश्यकताओं को प्राथमिकता के साथ पूरा करना जिला प्रशासन की जिम्मेदारी है। जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों पर यथासंभव त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है, ताकि जरूरतमंद नागरिकों को शासकीय योजनाओं और सहायता का लाभ समय पर मिल सके।
उन्होंने कहा कि सहायक उपकरण दिव्यांगजनों के लिए केवल सुविधा का साधन नहीं हैं, बल्कि आत्मनिर्भरता, सम्मान और बेहतर जीवन की दिशा में महत्वपूर्ण सहयोग हैं। जिला प्रशासन का प्रयास है कि पात्र दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप योजनाओं और सुविधाओं का लाभ सुगमता एवं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराया जाए।
अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर अपर कलेक्टर ओंकार यादव, अपर कलेक्टर माधुरी सोम, उप संचालक समाज कल्याण विभाग, कोरबा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



