जनऔषधि केंद्र, स्कूल में शिक्षक व्यवस्था, अवैध निर्माण, बारिश से मकान ढहने और भरण-पोषण से जुड़े आवेदन पहुंचे; कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को दिए निर्देश

रायगढ़। जिला कार्यालय में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं और मांगें सुनीं। जनदर्शन में लोगों ने स्वास्थ्य, शिक्षा, अवैध निर्माण, बारिश से हुए नुकसान और भरण-पोषण सहित विभिन्न मामलों को लेकर आवेदन प्रस्तुत किए।
कलेक्टर ने प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को मामलों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने तथा निर्धारित समय-सीमा में समस्याओं का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
गेरवानी में जनऔषधि केंद्र खोलने की मांग
ग्राम गेरवानी निवासी दुखनाशन भोय ने बताया कि उनका क्षेत्र औद्योगिक होने के कारण यहां बड़ी संख्या में मजदूर परिवार निवास करते हैं। इनमें कई लोग आर्थिक रूप से कमजोर हैं और महंगी दवाइयां खरीदने में परेशानी होती है।
उन्होंने ग्रामीणों की सुविधा के लिए ग्राम में प्रधानमंत्री जनऔषधि केंद्र खोलने की अनुमति देने का आवेदन कलेक्टर के समक्ष रखा। कलेक्टर ने आवेदन पर सीएमएचओ को शीघ्र उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
स्कूल में शिक्षक की व्यवस्था को लेकर आवेदन
तमनार विकासखंड की प्राथमिक शाला ढेगुरचुआं की शाला विकास समिति के अध्यक्ष ने विद्यालय में शिक्षक व्यवस्था की मांग रखी। उन्होंने बताया कि स्कूल में दो शिक्षक पदस्थ हैं, लेकिन इनमें से एक शिक्षिका के बिना सूचना अनुपस्थित रहने के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को अतिशीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो।
कौहाकुंडा में कथित अवैध निर्माण की शिकायत
रायगढ़ की सिंधी कॉलोनी निवासी दौलतराम उर्फ दयाराम ने कौहाकुंडा में कथित अवैध निर्माण को लेकर शिकायत प्रस्तुत की। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना आवश्यक अनुमति और नियमों का पालन किए निर्माण कराया जा रहा है। साथ ही हाउसिंग बोर्ड की भूमि पर कब्जे का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।
कलेक्टर ने मामले को संबंधित विभाग के माध्यम से नियमानुसार जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए।
बारिश में मकान ढहने पर मुआवजे की मांग
पुसौर तहसील के ग्राम सूरजगढ़ निवासी ओमप्रकाश निषाद ने बताया कि अगस्त महीने में हुई बारिश के कारण उनका मकान पूरी तरह ढह गया। उन्होंने बताया कि मकान के साथ घरेलू सामान और अनाज भी नष्ट हो गया।
उन्होंने आर्थिक सहायता एवं मुआवजा दिलाने का अनुरोध करते हुए कलेक्टर के समक्ष आवेदन दिया।
भरण-पोषण के लिए सहायता का आवेदन
जनदर्शन में श्रीमती सुलोचना महंत ने अपने और बच्चों के भरण-पोषण के लिए सहायता राशि दिलाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि उनके पति शासकीय सेवा में हैं और उनके अनुसार बिना तलाक लिए दूसरी शादी कर ली है।
कलेक्टर ने मामले में एसडीएम को नियमानुसार उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
अन्य नागरिकों ने भी रखीं समस्याएं
जनदर्शन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे अन्य नागरिकों ने भी अपनी मांगों और शिकायतों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर ने सभी आवेदनों को संबंधित विभागों को भेजते हुए नियमानुसार जांच और समय-सीमा के भीतर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
