बेलादुला, बड़े रामपुर और बांजीनपाली में खेतों का मौके पर किया सत्यापन; कलेक्टर ने शत-प्रतिशत और त्रुटिरहित ई-गिरदावरी सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

रायगढ़। जिले में शत-प्रतिशत और त्रुटिरहित ई-गिरदावरी सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन द्वारा मैदानी स्तर पर डिजिटल क्रॉप सर्वे की लगातार निगरानी की जा रही है। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सर्वेयर मौके पर जाकर फसल की वास्तविक स्थिति का सत्यापन करें और निर्धारित प्रक्रिया एवं मानकों के अनुसार ही जानकारी दर्ज करें।
कलेक्टर ने सर्वे कार्य में किसी भी तरह की गलती या विसंगति की गुंजाइश नहीं रखने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए सर्वेयरों के कार्यों की नियमित समीक्षा, समीक्षा बैठक और आकस्मिक निरीक्षण के माध्यम से डिजिटल क्रॉप सर्वे का भौतिक सत्यापन करने को कहा गया है।
अपर कलेक्टर ने खेतों में पहुंचकर देखा सर्वे कार्य
कलेक्टर के निर्देशों के अनुपालन में अपर कलेक्टर डॉ. प्रियंका वर्मा ने रायगढ़ तहसील के ग्राम बेलादुला, बड़े रामपुर और बांजीनपाली पहुंचकर डिजिटल क्रॉप सर्वे का निरीक्षण किया।
उन्होंने किसानों के खेतों में पहुंचकर मौके पर चल रहे सर्वे कार्य का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों और सर्वेयरों से सर्वे की प्रगति, कार्यप्रणाली और मौके पर दर्ज की जा रही फसल संबंधी जानकारी के बारे में जानकारी ली।
अपर कलेक्टर ने निर्देश दिए कि खेत की वास्तविक स्थिति के आधार पर ही फसल का विवरण दर्ज किया जाए। उन्होंने सर्वे के दौरान पूरी सावधानी और पारदर्शिता बरतने पर जोर दिया।
तालाब, मेड़ और खलिहान भी किए जा रहे चिन्हित
डिजिटल क्रॉप सर्वे के दौरान सर्वेयर मोबाइल एप के माध्यम से खेतों तक पहुंचकर मौके की वास्तविक स्थिति के आधार पर फसल संबंधी जानकारी दर्ज कर रहे हैं। सर्वे में विभिन्न फसलों के साथ-साथ तालाब, मेड़, पड़ती और खलिहान जैसी भूमि की स्थिति को भी चिन्हित किया जा रहा है।
इस प्रक्रिया के माध्यम से वास्तविक फसल रकबे का निर्धारण किया जा रहा है, जिससे ई-गिरदावरी के आंकड़ों को अधिक सटीक बनाया जा सके।
20 सितंबर तक चलेगा डिजिटल क्रॉप सर्वे
रायगढ़ जिले में डिजिटल क्रॉप सर्वे का कार्य 17 अगस्त से 20 सितंबर 2026 तक किया जा रहा है। प्रशासन द्वारा मैदानी स्तर पर अधिकारियों के निरीक्षण के जरिए सर्वे कार्य की गुणवत्ता और शुद्धता की निगरानी की जा रही है।
कलेक्टर ने निर्देश दिए हैं कि सर्वे के दौरान किसी भी प्रकार की त्रुटि या विसंगति सामने आने पर तत्काल संबंधित अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं उच्च अधिकारियों को इसकी जानकारी दी जाए। उन्होंने शासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप ही पूरी प्रक्रिया संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं।
निरीक्षण के दौरान तहसीलदार रायगढ़ शिव डनसेना सहित संबंधित राजस्व अमला मौजूद रहा।



