15 से 22 अक्टूबर के बीच हावड़ा-शालीमार रूट की कई ट्रेनों में कन्फर्म टिकट मुश्किल, यात्रियों को करना पड़ रहा लंबा इंतजार

रायपुर। पश्चिम बंगाल में दुर्गा पूजा मनाने जाने वाले रायपुर और आसपास के यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। 15 से 22 अक्टूबर के बीच हावड़ा और शालीमार रूट पर चलने वाली अधिकांश ट्रेनों में अभी से सीटों की भारी मांग देखने को मिल रही है। कई ट्रेनों में कन्फर्म टिकट उपलब्ध नहीं हैं, जबकि कई श्रेणियों में लंबी वेटिंग लिस्ट चल रही है।
पश्चिम बंगाल में इस वर्ष दुर्गा पूजा की शुरुआत 16 अक्टूबर को महा पंचमी से होगी और 21 अक्टूबर को विजया दशमी के साथ पर्व का समापन होगा। पूजा में शामिल होने के लिए हर साल बड़ी संख्या में लोग रायपुर से पश्चिम बंगाल की यात्रा करते हैं। त्योहार से करीब एक महीने पहले ही ट्रेनों में बढ़ती बुकिंग ने यात्रियों की चिंता बढ़ा दी है।
हावड़ा दुरंतो में भी कन्फर्म टिकट की मारामारी
रायपुर से कोलकाता जाने वाली प्रमुख ट्रेनों में शामिल हावड़ा दुरंतो एक्सप्रेस (12261) 15 अक्टूबर को रद्द रहेगी। 16 अक्टूबर की यात्रा के लिए थ्री एसी में 26 वेटिंग बताई जा रही है, जबकि एसी-2 और एसी-1 में रिग्रेट की स्थिति है।
18 अक्टूबर को थ्री एसी में 8 और एसी-2 में 4 वेटिंग है। वहीं 21 अक्टूबर को थ्री एसी में 36 और एसी-2 में 7 वेटिंग दर्ज है।
शालीमार एक्सप्रेस में भी सीटें फुल
शालीमार एसएफ एक्सप्रेस (12905) में 15 और 16 अक्टूबर की यात्रा के लिए स्लीपर, एसी-3 और एसी-2 श्रेणियों में सीटों की उपलब्धता काफी सीमित है। कई श्रेणियों में टिकट या तो उपलब्ध नहीं हैं या फिर लंबी वेटिंग चल रही है।
दुर्गा पूजा के दौरान बंगाल जाने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ने के कारण आने वाले दिनों में वेटिंग और बढ़ने की संभावना है।
आजाद हिंद एक्सप्रेस में भी भारी वेटिंग
आजाद हिंद एक्सप्रेस (12129) रायपुर से बंगाल जाने वाले यात्रियों के बीच काफी लोकप्रिय है। 15, 16 और 17 अक्टूबर की यात्रा के लिए स्लीपर और एसी कोचों में भारी बुकिंग हो चुकी है। कई श्रेणियों में कन्फर्म टिकट मिलना मुश्किल हो गया है।
21 और 22 अक्टूबर की यात्रा के लिए भी इस ट्रेन में लंबी वेटिंग दिखाई दे रही है।
एलटीटी शालीमार में 47 तक पहुंची वेटिंग
एलटीटी शालीमार एक्सप्रेस (18029) में भी दुर्गा पूजा के कारण यात्रियों की भीड़ बढ़ गई है। 15 अक्टूबर को स्लीपर में 47 और एसी-3 में 29 वेटिंग दर्ज की गई है। 16 और 17 अक्टूबर को भी अधिकांश कोचों में लंबी वेटिंग है।
हालांकि 21 अक्टूबर को स्लीपर में 16 सीटें उपलब्ध दिखाई दे रही हैं। एसी-3 और एसी-2 में भी कुछ सीटों की उपलब्धता बताई जा रही है।
गीतांजलि, हावड़ा मेल और ज्ञानेश्वरी में भी लंबी वेटिंग
ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस (12101) में 17 अक्टूबर को स्लीपर में 49 और एसी-3 में 41 वेटिंग चल रही है। एसी-2 में बुकिंग बंद होने की स्थिति बताई गई है।
इसी तरह गीतांजलि एक्सप्रेस (12859) और हावड़ा मेल (12809) में 15 से 22 अक्टूबर के बीच अधिकांश श्रेणियों में रिग्रेट या लंबी वेटिंग की स्थिति है। इससे साफ है कि दुर्गा पूजा के दौरान रायपुर से बंगाल जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों की मांग काफी बढ़ गई है।
कर्मभूमि एक्सप्रेस में भी टिकट की कमी
कर्मभूमि एक्सप्रेस (22511) में 21 अक्टूबर को स्लीपर, एसी-3 और एसी-2 श्रेणियों में बुकिंग की स्थिति काफी कठिन बताई जा रही है। स्लीपर में टिकट कन्फर्म होने की संभावना भी सीमित दिखाई दे रही है।
अतिरिक्त ट्रेनों की उम्मीद, यात्रियों को राहत का इंतजार
दुर्गा पूजा के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए रेलवे की ओर से वैकल्पिक व्यवस्था पर विचार किए जाने की बात कही जा रही है। ऐसे में यात्रियों की नजर अब संभावित स्पेशल ट्रेनों और अतिरिक्त कोच की घोषणा पर है।
जिन यात्रियों को दुर्गा पूजा के दौरान रायपुर से पश्चिम बंगाल जाना है, उन्हें उपलब्ध ट्रेनों में जल्द से जल्द टिकट बुक करने की सलाह दी जा रही है, क्योंकि तारीख नजदीक आने के साथ वेटिंग और बढ़ सकती है।
