महासमुंद पुलिस की टीम ने मुड़पार में की सघन तलाशी, 500-500 रुपये के नोटों के बंडल बरामद; नकदी से जुड़े दस्तावेजों की जांच जारी

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 8 सितंबर 2026। जिले के सरसीवा थाना क्षेत्र के ग्राम मुड़पार में खैर लकड़ी तस्करी से जुड़े मामले की जांच के दौरान पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। महासमुंद पुलिस की टीम ने आरोपी के गृह ग्राम स्थित मकान में सघन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान मकान से 81 लाख रुपये की भारी नकदी बरामद की गई है।
खैर लकड़ी तस्करी मामले की जांच के दौरान पहुंची पुलिस
बताया गया है कि छत्तीसगढ़ और ओडिशा क्षेत्र में खैर लकड़ी के अवैध परिवहन से जुड़े मामले में आरोपी मनीष अग्रवाल को महासमुंद पुलिस ने पूर्व में गिरफ्तार किया था। जांच के दौरान पुलिस को फर्जी एनओसी और दस्तावेजों के आधार पर लकड़ी परिवहन किए जाने से संबंधित जानकारी मिली थी।
इसी मामले की आगे की जांच के तहत पुलिस टीम आरोपी के गृह ग्राम मुड़पार पहुंची और उसके मकान में तलाशी ली।
कई घंटे चली सर्चिंग, 81 लाख रुपये नकद बरामद
महासमुंद पुलिस की टीम ने मकान में कई घंटों तक सघन तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान 500-500 रुपये के नोटों के बंडल बरामद हुए।
पुलिस के अनुसार, बरामद नकदी की कुल राशि 81 लाख रुपये है। पूरी रकम को पुलिस ने जब्त कर लिया है। अब नकदी के स्रोत और उससे संबंधित दस्तावेजों की जांच की जा रही है।
संपत्ति कुर्की समेत आगे की कार्रवाई
पुलिस अब बरामद रकम से जुड़े दस्तावेजों और मामले के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। जांच के आधार पर संपत्ति कुर्की सहित अन्य वैधानिक कार्रवाई किए जाने की बात सामने आई है।
खैर लकड़ी तस्करी मामले में बरामद इतनी बड़ी नकदी के बाद पुलिस की जांच का दायरा और बढ़ गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद रकम का संबंध अवैध लकड़ी कारोबार से किस स्तर तक है।
