राज्य गठन के 25 साल बाद नगर तथा ग्राम निवेश विभाग में एक साथ 21 सहायक संचालकों को नियुक्ति पत्र, CM ने कहा- जनहित, पारदर्शिता और आधुनिक प्लानिंग को दें सर्वोच्च प्राथमिकता

रायपुर। छत्तीसगढ़ में तेजी से बढ़ते शहरीकरण को सुनियोजित दिशा देने के लिए राज्य सरकार ने बड़ी पहल की है। राज्य गठन के बाद पहली बार नगर तथा ग्राम निवेश विभाग में एक साथ 21 सहायक संचालकों (योजना) की नियुक्ति की गई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित कार्यक्रम में सभी नवचयनित अधिकारियों को नियुक्ति पत्र सौंपे।
मुख्यमंत्री ने नवचयनित युवा टाउन प्लानर्स को बधाई देते हुए कहा कि शहरों का विकास केवल आज की जरूरतों को देखकर नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि भविष्य के छत्तीसगढ़ के शहरों और कस्बों को बेहतर आकार देने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी अब इन युवा अधिकारियों के कंधों पर है।
25 साल में 17 नियुक्तियां, अब एक साथ 21 अधिकारी
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के गठन को 25 वर्ष पूरे हो चुके हैं। इस दौरान नगर तथा ग्राम निवेश विभाग में कुल 17 सहायक संचालकों की नियुक्ति हुई थी, जबकि इस बार एक साथ 21 युवा अधिकारियों को नियुक्ति पत्र दिया गया है।
सरकार का मानना है कि इससे विभाग की कार्यक्षमता बढ़ेगी और तेजी से हो रहे शहरी विस्तार को वैज्ञानिक एवं दीर्घकालीन योजना के तहत विकसित करने में मदद मिलेगी।
तेजी से बढ़ रहा शहरीकरण, नई प्लानिंग की जरूरत
मुख्यमंत्री ने कहा कि गांवों से शहरों की ओर आबादी का विस्तार हो रहा है। नगरों की सीमाएं बढ़ रही हैं और प्रमुख सड़कों तथा शहरों के आसपास नई बसाहटें विकसित हो रही हैं।
ऐसे में आवासीय क्षेत्रों, बाजारों, सड़कों, सार्वजनिक स्थानों, परिवहन व्यवस्था, जल निकासी और अन्य नागरिक सुविधाओं के लिए पहले से वैज्ञानिक योजना बनाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि टाउन प्लानिंग सिर्फ नक्शा बनाने या जमीन का उपयोग तय करने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका सीधा संबंध आम नागरिक की जीवन गुणवत्ता और शहर के भविष्य से है।
जनहित और पारदर्शिता को दें सर्वोच्च प्राथमिकता
मुख्यमंत्री साय ने नवचयनित अधिकारियों से कहा कि सरकारी सेवा जनता की सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। अधिकारियों द्वारा लिया गया प्रत्येक निर्णय किसी न किसी रूप में आम नागरिक के जीवन को प्रभावित करता है।
उन्होंने अधिकारियों से ईमानदारी, निष्ठा, संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ काम करने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों को अपने छोटे से छोटे काम के लिए अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए और नियमों का पालन करते हुए नागरिक सुविधा तथा जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
2047 के विकसित छत्तीसगढ़ की दिशा में प्लानिंग पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प में छत्तीसगढ़ की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। राज्य सरकार ने आने वाले वर्षों के विकास की दिशा तय करते हुए ‘छत्तीसगढ़ अंजोर रू विजन 2047’ तैयार किया है।
इस विजन के तहत आधुनिक अधोसंरचना, बेहतर नागरिक सुविधाएं, युवाओं के लिए अवसर और समाज के हर वर्ग तक विकास का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया जा रहा है। सुनियोजित शहरीकरण इस लक्ष्य की महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है।
ढाई साल में 15 हजार से ज्यादा युवाओं को सरकारी नौकरी
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार के अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। पिछले ढाई वर्षों में विभिन्न विभागों में 15 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नियुक्तियां दी गई हैं।
पुलिस विभाग में 7 हजार से अधिक, शिक्षा विभाग में 3 हजार से अधिक और बिजली विभाग में 1200 से अधिक पदों पर नियुक्तियों की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई है। उन्होंने कहा कि रोजगार के अवसर केवल सरकारी नौकरी तक सीमित नहीं हैं, बल्कि निजी क्षेत्र, स्वरोजगार और उद्यमिता के माध्यम से भी युवाओं के लिए नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं।
O.P. चौधरी बोले- पारदर्शिता का लाभ जनता तक पहुंचाएं
वित्त तथा आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी ने नवचयनित अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सुनियोजित शहरीकरण की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि इस बार एक साथ 21 सहायक संचालकों की नियुक्ति से विभाग की प्रोफेशनल क्षमता बढ़ेगी। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जिस पारदर्शी और निष्पक्ष व्यवस्था के तहत उनकी भर्ती हुई है, उसी पारदर्शिता को अपनी कार्यशैली का हिस्सा बनाकर आम जनता तक पहुंचाएं।
नई पीढ़ी के अधिकारियों से विकास को मिलेगी गति
वन मंत्री केदार कश्यप ने भी नवचयनित अधिकारियों और उनके परिजनों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी के अधिकारियों का ज्ञान, ऊर्जा और आधुनिक दृष्टिकोण नगर तथा ग्राम निवेश विभाग की कार्यक्षमता को नई दिशा दे सकता है।
कार्यक्रम में विभागीय सचिव अंकित आनंद, आयुक्त अवनीश शरण सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, नवचयनित सहायक संचालक और उनके परिजन मौजूद रहे।
भविष्य के शहरों की नींव मजबूत करने की जिम्मेदारी
एक साथ 21 युवा टाउन प्लानर्स की नियुक्ति को छत्तीसगढ़ में सुनियोजित शहरी विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। आने वाले वर्षों में बढ़ते शहरीकरण के बीच इन अधिकारियों की भूमिका शहरों के विस्तार, भूमि उपयोग और नागरिक सुविधाओं की बेहतर योजना बनाने में अहम होगी।
इसे भी पढ़े…..
नवोदय विद्यालय में दाखिले का सुनहरा मौका, 30 सितंबर तक करें आवेदन; कक्षा 9वीं और 11वीं के लिए परीक्षा अप्रैल में
कृपया मेरे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करे : धन्यवाद…
इसे भी पढ़े…..
- रायगढ़ में 17 सितंबर से शुरू होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’, मंत्री ओ.पी. चौधरी ने तैयारियों की ली समीक्षा

- जन्माष्टमी उत्सव में महिला से छेड़खानी का आरोप, शिकायत मिलते ही पुलिस ने दबोचा आरोपी; न्यायिक रिमांड पर भेजा

- छत्तीसगढ़ में पहली बार एक साथ 21 युवा टाउन प्लानर्स की नियुक्ति, CM साय बोले- इनके कंधों पर होगा भविष्य के शहरों को आकार देने का जिम्मा

- छत्तीसगढ़ कैबिनेट के बड़े फैसले: युवाओं के लिए 500 करोड़ का स्टार्टअप मिशन, सरकारी कर्मचारियों की उम्र सीमा 45 साल

- रायपुर में DRI की बड़ी कार्रवाई: दो ट्रकों से 375.95 किलो गांजा बरामद, 4 गिरफ्तार; 13 दिन में 500 किलो से ज्यादा जब्ती

Most Viewed Posts
- छत्तीसगढ़ के 42 नर्सिंग संस्थानों की मान्यता रद्द, रायपुर के 15 कॉलेज शामिल (1,247)
- लेबर क्वार्टर हादसे में कंपनी मालिकों पर एफआईआर, महिला मजदूर की मौत के बाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई (642)
- ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 49.50 लाख की चिटफंड ठगी मामले में दो फरार आरोपी गिरफ्तार (563)
- सहकारिता सप्ताह का समापन, किसानों को मिली योजनाओं की जानकारी (561)
- छत्तीसगढ़ पुलिस में बड़ा प्रमोशन, 61 SI बने इंस्पेक्टर (549)
