today-bhopal-news-rto-inspector-meenakshi-gokhale-murder
लेकपर्ल कॉलोनी में दतिया में पदस्थ 45 वर्षीय मीनाक्षी गोखले की मौत; पुलिस के मुताबिक शादी के दबाव को लेकर विवाद की आशंका

भोपाल। खजूरी सड़क थाना क्षेत्र की लेकपर्ल कॉलोनी में दतिया में पदस्थ 45 वर्षीय RTO इंस्पेक्टर मीनाक्षी गोखले की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। पुलिस को उनका शव उनके दोस्त पवन द्विवेदी के मकान से मिला। मृतका के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं।
शव के पास मिला खून से सना हथौड़ा
पुलिस को घटनास्थल पर शव के पास खून से सना हथौड़ा मिला है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि इसी हथियार से मीनाक्षी के सिर पर हमला किया गया होगा। पुलिस ने मौके से मिले साक्ष्यों को जांच में शामिल कर लिया है।
शादी को लेकर विवाद की आशंका
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त संजीव पाठक के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पवन द्विवेदी मीनाक्षी गोखले से शादी करना चाहता था, जबकि मीनाक्षी इसके लिए तैयार नहीं थीं। पुलिस को आशंका है कि रविवार देर रात इसी मुद्दे को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ।
घटना के बाद आरोपी ने फांसी लगाकर की आत्महत्या
पुलिस के मुताबिक, विवाद के दौरान मीनाक्षी पर हथौड़े से हमला किए जाने की आशंका है। उनकी मौत के बाद पवन द्विवेदी ने मकान से करीब 20 मीटर दूर एक पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
तलाशी के दौरान पुलिस को पवन की जेब से बैंक पासबुक भी मिली है। फिलहाल पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। मामले की पूरी तस्वीर जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
